झांसी। जिले के विभिन्न गांवों में साढ़े चार करोड़ रुपये से बनने वाले चेकडैमों के लिए लघु सिंचाई विभाग में टेंडर डाले गए। अधिकांश कार्यों में सिर्फ तीन- तीन निविदाएं डाले जाने से ठेकों में पूल बनने की चरचाओं का बाजार गरम है।
कार्यालय अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई द्वारा गुरसरांय ब्लाक के ग्राम एवनी, दौड़िया व तुर्क लहचूरा, चिरगांव ब्लाक के ग्राम चंदवारी, परसा, सिमरई अहिरयन, रौरा व अतबई, बामौर के ग्राम हीरानगर, रघौली, कैरोखर, लखावती व ककरबई, बंगरा के ग्राम निमौनी, बौंड़ा, खौरयाना व कटेरा देहात, बड़ागांव के ग्राम बरेठी व कोलवा, बबीना के ग्राम रक्सा, पलींदा, राजापुर व बरुआपुरा, मऊरानीपुर के ग्राम चुरारा, ककवारा एवं ग्राम टपरियन में चेकडैम बनाए जाने हैं। इसमें से ग्यारह गांव (चंदवारी, हीरानगर, बरेठी, रघौली, कैरोखर, दौड़िया, चुरारा, राजापुर, लखावती, पलींदा एवं टपरियन) में बनने वाले चेकडैम के लिए पिछले दिनों टेंडर डाले गए थे, लेकिन ज्यादातर कार्य निर्धारित दरों से तीस से चौंसठ फीसदी कम आए थे, जिस कारण उन्हें निरस्त कर दिया गया था। बाकी 15 कार्यों के टेंडर गत दिवस आमंत्रित किए गए थे। इसी के साथ पिछले ग्यारह कार्यों के टेंडर भी डाले गए। सूत्रों के अनुसार अधिकांश कार्यों के लिए सिर्फ तीन- तीन ठेकेदारों ने ही निविदाएं डालीं, जिसको लेकर पूल की चरचाएं तेज हो गईं। हालांकि, अधिकारी इस मामले में कुछ भी बताने से बच रहे हैं। यहां तक कि अधिशासी अभियंता ने भी फोन पर बात नहीं की।