झांसी। पनकी ग्रिड में कानपुर से उरई के मध्य आई खराबी के कारण सोमवार की सुबह पारीछा थर्मल पावर की चार इकाइयों में उत्पादन ठप हो गया। इससे फेल हुए 132 केवी सर्किट के कारण झांसी व ललितपुर में पौने चार घंटे तक करंट गुल रहा। इस दौरान ललितपुर- बसई सेक्शन में ट्रेनें दौड़ाने के लिए मध्य प्रदेश से बिजली ली गई। देर शाम तक तीन इकाइयों से उत्पादन शुरू हो गया था। बाकी एक इकाई में उत्पादन शुरू करने का प्रयास जारी था।
सोमवार की सुबह 8.50 बजे पनकी ग्रिड में कानपुर व उरई के मध्य ट्रांसमिशन फाल्ट आ गया। इससे पारीछा आने वाली ग्रिड में करंट न आने से यहां पर काम कर रहीं चार इकाइयों (110 मेगावाट की नंबर एक इकाई, 210 मेगावाट की नंबर तीन इकाई, 210 मेगावाट की नंबर चार इकाई व 250 मेगावाट की नंबर पांच इकाई ) का उत्पादन ठप पड़ गया। इससे झांसी व ललितपुर जाने वाले 132 केवी सर्किट भी फेल हो गए। झांसी व ललितपुर का करंट गुल होने से शहरी, ग्रामीण के अलावा रेलवे, जिला अस्पताल, न्यायालय, एमईएस आदि निर्बाध संयोजनों को भी बिजली मिलना बंद हो गयी। इससे अफरा तफरी की स्थिति बन गई।
ललितपुर से ललितपुर- बसई रेल सेक्शन को दी जाने वाली ओएचई बंद होने पर आनन- फानन में मध्य प्रदेश से बिजली लेकर ट्रेनों का संचालन बरकरार रखा गया। दोपहर 12.35 बजे पनकी से झांसी व ललितपुर के दोनों सर्किट को जोड़कर आपूर्ति सुचारु की गई। इसके उपरांत पारीछा थर्मल पवार में अपराह्न ढाई बजे नंबर एक, नंबर तीन व नंबर पांच इकाई से उत्पादन शुरू हो गया। उत्पादन शुरू होने पर 132 केवी सर्किट को दोबारा पारीछा से जोड़ दिया गया। सर्किट पर एक साथ लोड न पड़े, इस बात को ध्यान में रखकर झांसी शहर के सभी सब स्टेशनों से दो- दो घंटे की अतिरिक्त कटौती शाम तक की गई। त्योहार के समय बिजली नदारद रहने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे लोगों के घरेलू कामकाज तो प्रभावित हुए ही, बिजली के उपकरणों के प्रतिष्ठानों पर भी असर पड़ा।