झांसी। यदि सब कुछ ठीक - ठाक रहा तो अगले महीने से दतिया गेट बाहर गुलाम गौस खां पार्क का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। साथ ही नगर के अन्य पार्कों में फव्वारे व मनोरंजन उपकरण लगवाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम के जनकार्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नगर विकास मंत्री आजम खां करीब चार माह पूर्व झांसी आए थे। महारानी लक्ष्मीबाई पार्क के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वीरांगना के तोपची गुलाम गौस खां के नाम पर इसी तरह का भव्य पार्क बनाने के लिए तत्कालीन नगर आयुक्त को निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सदन से पार्क निर्माण का प्रस्ताव पास होने के बाद नगर निगम के जनकार्य विभाग के अफसरों ने वार्ड नंबर 44 दतिया गेट बाहर स्थित अलीगोल खंती पर गुलाम गौस खां के नाम पर प्रस्तावित पार्क की जमीन चिह्नित कर उसका स्टीमेट तैयार किया। प्रथम फेज में 3,87,07,500 रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें पार्क की बाउंड्रीवाल, बाउंड्रीवाल के बाहर चारों ओर एपेक्स, नाली निर्माण और पार्क के अंदर फुटपाथ, पंप हाउस आदि का निर्माण कराया जाएगा। विभाग दिसंबर माह में कार्य शुरू करा सकता है। यदि ऐसा हुआ तो निर्माण कार्य कंपलीट होने में करीब एक वर्ष का समय लग जाएगा।
इसके अलावा आवास विकास स्थित के के पुरी में बड़े पार्क का सुंदरीकरण कर वहां बच्चों के मनोरंजन के लिए उपकरण लगाए जाएंगे। इसके लिए 28,70,100 रुपये का आगणन तैयार किया गया है। वहीं, राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त पार्क में करीब आठ लाख रुपये की लागत से फव्वारा स्थापित किया जाएगा। इसी तरह महारानी लक्ष्मीबाई पार्क के पुराने व टूटे फव्वारे को हटाकर उसके स्थान पर नए फव्वारे की स्थापना की जाएगी। इस पर करीब 18 लाख रुपये खर्च का अनुमान है। यह सभी कार्य नगरीय अवस्थापना निधि से कराए जाएंगे।
बहुरेंगे श्मशान घाट व कब्रिस्तान के दिन
झांसी। नगर निगम ने श्मशान घाट व कब्रिस्तानों में भी निर्माण कार्य कराने का निर्णय लिया है। पिछले दिनों मंडलायुक्त ने वार्ड नंबर 13 गढ़ियागांव का भ्रमण किया था। वहां क्षेत्रवासियों ने श्मशान घाट की जमीन पर भूमाफियाओं की नजर होने व कोई सुविधा न होने की शिकायत की, जिस पर मंडलायुक्त ने मौका मुआयना कर नगर निगम के मुख्य अभियंता रामकुमार वर्मा को दिशा निर्देश दिए थे। इसी क्रम में विभाग ने श्मशान घाट की बाउंड्रीवाल और शवदाह के लिए टिन शेड निर्माण का खाका तैयार कर लिया है। इस पर करीब पौने बारह लाख रुपये खर्च आएगा। इसके अलावा पुलिया नंबर नौ स्थित श्मशान घाट में 20 लाख रुपये की लागत से दालान (विश्राम स्थल) निर्माण व प्रेमनगर नगरा स्थित श्मशान घाट में साढ़े तेरह लाख रुपये से आरसीसी शेड व दालान का फर्शीकरण कराया जाएगा। वार्ड नंबर 44 में अलीगोल खिड़की बाहर स्थित कमनीगर इनायत कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल की रिपेयरिंग एवं थापक बाग में शेख फदाली कब्रिस्तान की बाउंड्री का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इस पर करीब 24 लाख रुपये खर्च होंगे।