छुहारा हुआ मंहगा, सेंधा नमक दोगुना
झांसी। कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले के विरोध में भारतीय कारोबारियों ने पाकिस्तान से आयात किया जाने वाला छुहारा व सेंधा नमक लेना बंद कर दिया है, जिससे शहर भर में इसका असर देखने को मिल रहा है। छुहारा 150 रुपये से 200 रुपये प्रति किलो व सेंधा नमक की पचास किलो की बोरी 800 रुपये की मिल रही है।
छुहारा और सेंधा नमक पाकिस्तान से आयात किया जाता है। 14 फरवरी को पुलवामा में हुए आतंकी हमले के विरोध में भारतीय व्यापारियों ने पाकिस्तान से आयात किए जाने वाले सामानों को लेना बंद कर दिया है। भारत में पाकिस्तान से छुहारा व सेंधा नमक का अधिक व्यापार होेने से शहर में इसका असर देखा जाने लगा है। सिर्फ सात दिनों में ही शहर के बाजारों में छह रुपये प्रति किलो बिकने वाला सेंधा नमक 15 रुपये व 60 रुपये किलो बिकने वाला छुहारा 75 रुपये से 120 रुपये प्रति किलो की दर से बिकने लगा है।
शहर के थोक किराना व्यापारी कैलाश अग्रवाल ने बताया कि महज सात दिनों के भीतर ही छुहारा और सेंधा नमक के दामों में काफी फर्क देखने को मिला है। पहले की अपेक्षा छुहारा पर 40 से 50 रुपये प्रति किलो की दर से व सेंधा नमक की 50 किलो की बोरी पर लगभग दोगुने का फर्क हो गया है। उन्होंने बताया कि आयत बंद किए जाने से दामों में फर्क देखने को मिला है। आगे और भी दाम बढ़ने की उम्मीद है।
सेंधा नमक पाकिस्तान के झेलम जिले की खेवरा, वारछा और कालाबाग क्षेत्र की चट्टानों से आता है। कारोबारियों ने बताया कि पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए सेंधा नमक का आयात पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। जिससे शहर में इसका असर देखने को मिल रहा है।