कामकाज ठप कर कुलियों ने किया प्रदर्शन, नारेबाजी
गैंगमैन बनाने की मांग, डीआरएम के जरिए रेलमंत्री को भेजा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कुलियों ने ग्रुुप-डी में शामिल कर गैंगमैन बनाए जाने की मांग को लेकर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान दो घंटे कामकाज भी ठप रखा। इसके बाद मांगों का एक ज्ञापन डीआएएम के माध्यम से रेलमंत्री को भेजा।
अखिल भारतीय रेलेव मजदूर संगठन के नेतृत्व में बुधवार को स्टेशन पर कार्यरत कुलियों ने सुबह 9 बजे से 11 बजे तक प्रदर्शन किया। कुली रहीस खान ने कहा कि वर्ष 2008 में केंद्र सरकार ने देश के कुलियों को गैंगमेन व ट्रैकमेन का दर्जा दिया था। लेकिन आज तक दर्जा नहीं मिल सका। इस तर्ज पर वर्तमान में कुलियों को दर्जा देकर गैंगमैन बनाए जाने की मांग बुलंद की।
कुलियों ने कहा कि इनकी आमदनी दिन प्रतिदिन कम होती जा रही है। इससे घर चलाना मुश्किल हो रहा है। रेलवे में आधुनिकता आने से स्टेशनों पर लगे एक्सीलेटरों की वजह से यात्री खुद अपना सामान ले जाते हैं। ट्राली बैग की वजह से कुलियों की जरुरतें प्रतिदिन कम भी होती जा रही हैं। कुलियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांग पूरी नहीं की गई तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर उमेश शर्मा, इरशाद, कलीम खान, बॉक्सर खान, करमजीत, विकास, कृष्णकांत, जहीर खान, कल्लू, वीरू, रवि मौजूद रहे।