मेडिकल कॉलेज का स्वर्ण जयंती समारोह 27 को
जुटेंगे पुरातन छात्र, वर्तमान विद्यार्थियों को बताएंगे शोध, नई तकनीक और अनुभव
आम जनता से संवाद करेंगे वरिष्ठ चिकित्सक
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज का स्वर्ण जयंती समारोह 27 जनवरी को मनाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे करेंगे। इसमें कॉलेज के पुरातन विद्यार्थी न्यूरो सर्जन डा. मधुसूदन अग्रवाल, डा. विनय कुमार व अन्य वरिष्ठ चिकित्सक वर्तमान विद्यार्थियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए नवीन शोधों, नई तकनीकों पर व्याख्यान देंगे। इसमें आम जनता भी शरीक होकर वरिष्ठ चिकित्सकों से संवाद कर सकती है।
कालेज प्राचार्या डा. साधना कौशिक व आयोजन समिति सचिव डा. सुधीर कुमार ने एक होटल में पत्रकारों को बताया कि मेडिकल कॉलेज के 50 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। कॉलेज में पढे़ 3500 विद्यार्थी देश-विदेश में शिक्षण एवं चिकित्सा कार्य कर रहे है। यह सभी पुरातन विद्यार्थी फिर कॉलेज में एकजुट हो और बुंदेलखंड की जनता को नई चिकित्सा विधियों से लाभान्वित कराए, इसके लिए दिसंबर तक प्रत्येक माह सेमिनार आयोजित होंगे। इनमें एम्स के डायरेक्टर रहे प्रो. एमके मिश्रा, डा. केबीएस नारायण भी शामिल होंगे, जो कालेज के पुरातन छात्र है। इस अवसर पर डा. अशोक सक्सेना, डा. ओम शंकर चौरसिया, प्रदीप श्रीवास्तव, डा. मयंक आदि मौजूद रहे।
1968 में हुई थी स्थापना
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज की स्थापना पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झांसी की सांसद रही डा. सुशीला नैयर के प्रयासों से सन 1968 में हुई थी। पहले प्रधानाचार्य डा. एसआर कपूर के कार्यकाल में कॉलेज में शिक्षण कार्य हुआ। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 14 दिसंबर 1973 में भवन को विधिवत रूप से राष्ट्र को समर्पित किया।
वर्तमान प्रधानाचार्या भी रही यहां की छात्रा
वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में हर वर्ष 100 एमबीबीएस के और 66 परास्नातक के विद्यार्थी दाखिला लेते है। वर्तमान प्रधानाचार्या डा. साधना कौशिक भी इसी कालेज की छात्रा रही है। कॉलेज के सुपर स्पेशियलटी विभाग में नेफ्रोलॉजी यूनिट, प्लास्टिक सर्जरी, न्यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी व रेडियोथेरेपी की सुविधा है।