नेहरू जी को पुष्पांजलि जय श्रीराम के जयकारे
सब हेड: शिक्षामित्रों ने इलाइट चौराहे पर लगाया जाम, प्रभावित रहा यातायात
क्रासर
शर्ट उतारकर जमकर की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
सोमवार को शिक्षामित्रों ने इलाइट चौराहे पर जाम लगाकर जमकर नारेबाजी की। जाम के कारण करीब एक घंटे तक यहां यातायात प्रभावित रहा। इससे पहले शिक्षामित्रों ने चौराहे पर लगी नेहरू जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और जय श्रीराम के जयकारे लगाए। कई शिक्षामित्र शर्ट उतारकर नारेबाजी करते रहे।
पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच शिक्षा भवन परिसर से सैकड़ों शिक्षामित्रों ने स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पैदल मार्च किया। कचहरी चौराहा, जेल चौराहा से होते प्रदर्शनकारी इलाइट चौराहा पहुंचे। यहां उन्होंने ने मानव श्रृंखला बनाकर यातायात को जाम कर दिया और इंकलाब जिंदाबाद, जयश्री राम, भारत माता की जय, वंदेमातरम आदि नारे लगाए। इस दौरान एसडीएम सुरेंद्र कुमार को संयुक्त समायोजित शिक्षक-शिक्षा मित्र संघर्ष मोर्चा झांसी के सदस्यों ने ज्ञापन दिया। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी शिक्षा भवन वापस पहुंचे।
शिक्षा भवन में शिक्षामित्रों के बीच विधायक जवाहर राजपूत पहुंचे और उनकी मांग मुख्यमंत्री और बेसिक शिक्षा मंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सुगर सिंह यादव, संजीव यादव, पंकज वर्मा, विष्णु दत्त आदि मौजूद रहे।
दो महिलाएं हुईं बेहोश
इलाइट चौराहा प्रदर्शन दौरान मोंठ की रानी और बबीना की रंजीता रही। इन्हें साथी शिक्षामित्रों ने पानी और ग्लूकोज पिलाया, इसके बाद इनकी हालत में सुधार आ गया। इस दौरान कुछ शिक्षामित्रों ने 108 एंबुलेंस को फोन भी लगाया, लेकिन वह नहीं आई।