झांसी। योगी सरकार ने बजट में पूर्वांचल के साथ ही बुंदेलखंड को विशेष क्षेत्र कार्यक्रम के तहत 700 करोड़ रुपये देने का एलान किया है। इसमें सड़कें भी सुधारी जाएंगी। इसका अधिकांश हिस्सा बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का काम पूरा करने में खर्च होगा। अफसरों के मुताबिक यहां करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका लेकिन, पहले का बजट स्वीकृत न होने से इसकी देनदारी बची है। इस पैसे के मिलने से यह कार्य भी तेजी से पूरा हो सकेगा। उम्मीद जताई जा रही कि अगले दो माह के भीतर इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
यह एक्सप्रेस वे झांसी से सीधे तौर पर नहीं जुड़ा लेकिन, इसकी मदद से बुंदेलखंड के अन्य जनपदों की भीतरी कनेक्टिविटी बेहतरीन हो जाएगी। करीब 300 किमी लंबा यह एक्सप्रेस चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, औरैया एवं इटावा से होते हुए आगरा एक्सप्रेस-वे एवं यमुना एक्सप्रेस से जोड़ दिया जाएगा।
इसके सहारे दिल्ली तक जाने का रास्ता आसान हो जाएगा। एक्सप्रेस-वे पर कुल लागत 14849.09 करोड़ रुपये खर्च हो चुके लेकिन, पिछले दो वर्ष से बजट स्वीकृत नहीं हुआ। अब सरकार ने बुंदेलखंड के विशेष क्षेत्र कार्यक्रम के तहत इसको बजट देने का निर्णय लिया है। इसी तरह पीडब्ल्यूडी को इस विशेष क्षेत्र कार्यक्रम के तहत भी अतिरिक्त पैसा मिलेगा। अधीक्षण अभियंता बीएल सिंह का कहना है कि पैसा मिलने पर सभी प्रस्तावित कार्य कराए जाएंगे।
इन कामों का जिम्मा
- सड़कों एवं सेतुओं का निर्माण कराया जाएगा।
- सड़क एवं सेतुओं का अनुरक्षण कार्य में खर्च होगी रकम
- ग्राम एवं बसावटों को सर्वऋतु संपर्क मार्ग से जोड़ा जाएगा
ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए बाईपास एवं रिंग रोड के प्रस्ताव तैयार होंगे
प्रमुख एवं जिला मार्ग चौड़ीकरण का कार्य होगा
- राज्य राजमार्ग का होगा चौड़ीकरण