पटरी से उतरी पानी की सप्लाई
ललितपुर। जल संस्थान के हाथों से शहर की पेयजल समस्या बाहर निकलती जा रही है। सोमवार को डीएम मानवेंद्र सिंह उस समय हतप्रभ रह गए, जब एक पिता ने कहा कि मोहल्ला आजादपुरा में कई दिनों से नल नहीं आ रहे हैं। लड़के की शादी 22 तारीख को तय है। यदि नल नहीं आएंगे तो कैसे शादी हो पाएगी। समीप मेें ही खड़े एक व्यक्ति ने बताया कि जगदीश मंदिर के पीछे होली के बाद से नल नहीं आए। इस पर डीएम ने जल संस्थान के अवर अभियंता को पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
होली से बिगड़ी जलापूर्ति को अभी तक जल संस्थान संभाल नहीं सका है। एकाध दिन आधा घंटा पानी आ जाता है तो लोगों का गुस्सा कम हो जाता है, लेकिन अगले ही दिन पानी की व्यवस्था चरमरा जाती है। इस तरह यह समस्या कई दिनों चल रही है। मोहल्ला चौबयाना के लोगों ने पेयजल की समस्या की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है। इससे जिला प्रशासन के कान खड़े हो गए। सोमवार को डीएम मानवेंद्र सिंह, सदर एसडीएम गजल भारद्वाज के साथ मोहल्ला चौबयाना पहुंचे। यहां उन्होंने कई महिलाओं से पेयजल समस्या की हकीकत जानी। मोहल्ला महावीरपुरा में भी कई लोगों से पेयजल आपूर्ति की हकीकत जानी। अवर अभियंता रामभुवन ने स्वीकारा कि मोहल्ला चौबयाना के ऊपरी क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्या है। यहां से प्रशासनिक अमला वॉटर वर्क्स पहुंचा। यहां उन्होंने फिल्टर प्लांट देखा और पहले से खड़े सभासद मोदी पंकज जैन सहित कई लोगों से बात की। डीएम ने समस्या सुनने के उपरांत अवर अभियंता को निर्देश दिए। उधर, लोगों के मन में एक ही सवाल था कि कल नल आएंगे या नहीं। इस पर विभागीय अफसर चुप्पी साधे नजर आए।
मोहल्ला आजादपुरा में एक माह से नल नहीं आ रहे हैं, जिससे लोगों को पीने का पानी जुटाना मुश्किल हो गया है। इसकी शिकायत भी की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। अब जब लड़के की शादी की तारीख नजदीक आ गई तो डीएम को पीड़ा सुनाने के लिए अलावा कोई चारा नहीं रह गया था।
- सतीश चंद्र जैन, आजादपुरा
होली त्योहार के अगले दिन से नल नहीं आए। हर दिन नल की ओर देखते हैं, लेकिन उसमें से एक बूंद भी नहीं टपकती है। आज इसकी शिकायत करने आए थे कि डीएम साहब मौके पर मिल गए।
- घनश्याम, जगदीश मंदिर के पीछे
देवगढ़ रोड पर हर साल पेयजल की समस्या उत्पन्न होती है। इसके बाद भी विभागीय अफसर इसका हल नहीं खोज पा रहे हैं। पिछले चार दिनों से मोहल्ले के नल नहीं आ रहे हैं। आज जल संस्थान में इसकी शिकायत की है।
- अमन मिश्रा, देवगढ़ रोड
मोहल्ला खिरकापुरा में एक ओर की पाइप लाइन में नल आ रहे हैं तो दूसरी ओर की लाइन में पानी की समस्या बनी हुई है। दो माह से हैंडपंप से पानी भर रहे हैं। विभागीय अफसर समस्या का निदान नहीं कर पा रहे हैं।
- घनश्याम कुशवाहा, खिरकापुरा
जल संस्थान ने पुराने श्रमिकों को भगा दिया है, उन्हें शहर की भौगोलिक स्थिति की जानकारी थी। नए लोगों को समझ नहीं आता है कि कहां पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है। विभाग को ध्यान देने की आवश्यकता है।
- मोदी पंकज जैन, सभासद