जीवनरक्षक उपकरण खरीदने की शासन से मांगी अनुमति
दावा : जून के अंतिम सप्ताह तक शुरू हो जाएगा अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। 500 बेड अस्पताल हैंडओवर करने का काम सोमवार से क्रमबद्ध होगा। मेडिकल कॉलेज प्रशासन जून के अंतिम सप्ताह में अस्पताल शुरू करेगा। 24 करोड़ रुपये से जीवनरक्षक उपकरण खरीदने की कॉलेज प्रशासन ने शासन से अनुमति मांगी है।
मंडलायुक्त के शुक्रवार को निरीक्षण के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अस्पताल की तीनों मंजिल क्रमबद्ध तरीके से हैंडओवर करने का फैसला लिया है। इसके तहत सोमवार से भूतल पर बने ट्रॉमा सेंटर को हैंडओवर किया जाएगा। 30 मई तक पूरे अस्पताल की बिल्डिंग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि शासन से अनुमति मिलने के बाद एक पखवाड़े के अंदर उपकरणों का आना शुरू हो जाएगा। कॉलेज प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह का कहना है कि शासन से जीवनरक्षक उपकरण खरीदने की अनुमति मांगी है। उपकरण खरीदने के लिए टेंडर की तकनीकी बिड हो चुकी है। उधर, कॉलेज प्रशासन ने शासन से ट्रॉमा सेंटर शिफ्ट करने की भी अनुमति मांगी है।