टहरौली। प्रयागराज-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में टहरौली तहसील परिसर स्थित मतदान केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। यहां पंजीकृत 1471 मतदाताओं में से 685 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल मतदान प्रतिशत 46.56 रहा। मतदान के दौरान भाजपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल के समर्थक सक्रिय नजर आए।
तहसील परिसर में स्नातक निर्वाचन के लिए दो बूथ बनाए गए थे। बूथ संख्या एक पर पंजीकृत 776 मतदाताओं में से 370 ने मतदान किया। इनमें 317 पुरुष और 53 महिलाएं शामिल रहीं। वहीं, बूथ संख्या दो पर 695 पंजीकृत मतदाताओं के सापेक्ष 315 मत पड़े। इनमें 271 पुरुष और 44 महिलाएं शामिल थीं।
मतदान के दौरान मतदाता सूची में कुछ नामों में त्रुटि होने के कारण संबंधित मतदाताओं को वोट डालने से रोक दिया गया। शिकायत मिलने पर एसडीएम आशीष कुमार ने मामले की जांच कराकर मतदान की प्रक्रिया पूरी कराई।
तहसील गेट से हटवाए गए टेंट
मतदान केंद्र के पास तहसील गेट के नजदीक भाजपा और सपा समर्थकों ने अपने टेंट लगा रखे थे। एसडीएम के निर्देश पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने से पहले टेंट हटवाकर निर्धारित 200 मीटर की दूरी पर लगवाए गए। इसके बाद समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं से संपर्क करते रहे।
इस दौरान भाजपा ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि टीकाराम पटेल, जिला उपाध्यक्ष गुड्डी रानी पटेल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रुचि खरे, रविंद्र सोनी, संजय गुप्ता, रजनीश कंजर और राजकुमार दीक्षित मौजूद रहे। वहीं, सपा की ओर से अजय अतरौली, सौरभ यादव और द्वारका यादव सहित अन्य समर्थक सक्रिय रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार गोवर्धन कुमार शुक्ल और थाना प्रभारी सरिता मिश्रा पुलिस बल के साथ मतदान केंद्र पर पूरे समय मुस्तैद रहे।