चिरगांव। झांसी-प्रयागराज स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन में शुक्रवार को नगर पालिका चिरगांव के दोनों बूथों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहे। केंद्र के बाहर भाजपा और सपा के समर्थक ही अपने अपने स्टाल लगाकर बैठे रहे ।
नगर पालिका चिरगांव के भाग संख्या एक में कुल 1052 मतदाताओं में से 414 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, भाग संख्या दो में 1113 मतदाताओं में से 295 मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया । इस प्रकार दोनों बूथों पर कुल 2165 मतदाताओं में से 709 ने ही मतदान में भाग लिया। जो करीब 33 प्रतिशत रहा । मतदान केंद्रों पर पुलिस का सख्त पहरा रहा। बिना आधार कार्ड के किसी को भी मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। इस प्रकार मतदान की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई।