झांसी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की तरफ से अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं की परीक्षा कराए जाने का निर्देश जारी कर दिया गया है। ऐसे में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के 46 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
इस वर्ष बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं दो मार्च से शुरू हुई थीं। लगभग 15 दिन तक परीक्षाएं चलने के बाद लॉकडाउन से पहले ही स्थगित कर दी गईं। इसके बाद कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते चले गए और फिर दोबारा परीक्षाएं शुरू ही नहीं हो सकीं। हाल ही में प्रदेश सरकार ने सभी छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रमोट कर देने का निर्णय लिया था लेकिन गृह मंत्रालय की अनुमति के बाद यूजीसी ने सोमवार देर रात यूनिवर्सिटी और कॉलेजों की परीक्षाओं को लेकर संशोधित गाइड लाइन जारी की है। इसमें जुलाई में परीक्षा कराने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। विश्वविद्यालय और कॉलेज अब अपनी अटकी पड़ी अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 30 सितंबर तक करा सकेंगे। इस बार बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के 1.82 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षाएं दे रहे थे। इसमें लगभग 46 हजार छात्र-छात्राएं स्नातक अथवा परास्नातक में अंतिम वर्ष के विद्यार्थी हैं।
पाठ्यक्रम छात्रांकन
बीए तृतीय वर्ष 24370
बीएससी तृतीय वर्ष 11791
बीकॉम तृतीय वर्ष 2684
एमए द्वितीय वर्ष 6618
एमकॉम द्वितीय वर्ष 553