पिछले रबी सीजन में सूखे से प्रभावित झांसी जनपद के किसानों की शासन ने अब सुध ली है। जनपद के सूखाग्रस्त किसानों के लिए 34.85 करोड़ रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।
पिछले रबी सीजन में पानी की कमी की वजह से तमाम खेतों में फसल की बुवाई भी नहीं हो पाई थी। जहां बुवाई हुई थी, वहां उत्पादन अच्छा नहीं हुआ था। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ था। राजस्व विभाग ने क्षति का आकलन कर शासन को भेजा था। शासन ने झांसी जिले की मऊरानीपुर और गरौठा तहसील को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया था। इसके अलावा झांसी सदर व टहरौली तहसील के 75 और ललितपुर की तालबेहट तहसील के 12 गांव सूखाग्रस्त घोषित किए थे। शासन ने अब सहायता राशि उपलब्ध कराई है। यह रकम तहसीलों के माध्यम से प्रभावित किसानों के खातों में दो माह के भीतर भेजी जाएगी। एक हजार रुपये से कम सहायता राशि किसी भी किसान को नहीं दी जाएगी।