शटर के आगे पर्दा डाल दुकान से 32 लाख के मोबाइल उड़ाए
झांसी। थाना नवाबाद इलाके में इलाइट चौराहे से चंद कदम की दूरी पर स्थित एक मोबाइल दुकान पर सोमवार की सुबह चोरों ने धावा बोल दिया। बेहद शातिराना अंदाज में घटना को अंजाम देते हुए चोरों ने पहले दुकान के शटर के बाहर पर्दा डाला और फिर अंदर दाखिल हो गए। महज 38 मिनट में महंगे 150 मोबाइल फोन व गल्ले में रखे 70 हजार रुपये समेटकर गायब हो गए। चोरी गए मोबाइल की कीमत 32 लाख रुपये बताई गई है। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चोरों की तलाश में पुलिस दिन भर भटकती रही, लेकिन हाथ खाली ही बने हुए हैं।
सीपी मिशन कंपाउंड निवासी रीतेश अग्रवाल की नगर निगम के मुख्य द्वार के सामने वीआर ट्रेडर्स के नाम से मोबाइल का शोरूम है। सोमवार सुबह तकरीबन साढ़े दस बजे शोरूम के मैनेजर राकेश लोहिया रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्हें बाहर का शटर टेढ़ा मिला। अंदर दुकान खोलकर देखी तो उनके पैरों के नीचे से जमीन सरक गई। दुकान के भीतर सभी काउंटर खाली पड़े हुए थे और मोबाइलों के खाली डिब्बे-डिब्बे यहां-वहां बिखरे हुए थे। इसकी जानकारी उन्होंने तत्काल दुकान संचालक को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें सामने आया कि पांच-छह युवक चेहरे पर मास्क लगाकर आए। उनमें से दो युवकों ने अपने साथ लाए बैग में से चादर निकाले और उसे लेकर दुकान के शटर के बाहर खड़े हो गए। किसी को शक न हो, इसके लिए वे चादर इस अंदाज में पकड़े रहे जैसे कि फटकार रहे हों। उनकी इस हरकत से शटर का निचला हिस्सा सड़क से दिखना बंद हो गया। इसी दरम्यान शटर टेढ़ी कर उनके साथी दुकान में दाखिल हो गए और अपने काम को अंजाम देने के बाद बाहर निकल गए। पुलिस ने बाद में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद बीकेडी चौराहे की ओर जाते हुए नजर आ रहे हैं। दुकान से फोरेंसिक टीम ने भी नमूना इकट्ठे किए हैं।
मोबाइल की दुकान में चोरी करने वालों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गईं हैं। बदमाशों की पहचान भी कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना भी कर दिया गया है। जल्द ही चोर माल के साथ पुलिस की पकड़ में होंगे।
- शिवहरि मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
सुनियोजित ढंग से दिया घटना को अंजाम
झांसी। मोबाइल की दुकान में चोरी की घटना को चोरों ने सुनियोजित ढंग से अंजाम दिया। दुकान पर रातभर एक गार्ड तैनात रहता है और वो पांच बजे ड्यूटी खत्म करके चला जाता है। सोमवार सुबह भी वो तकरीबन पांच बजे निकल गया था। इसके बाद चोरी का समय चोरों ने सबसे उपयुक्त समझा। इसके अलावा पास के ही होटल में समारोह था, जिससे दुकान के आसपास रात भर चहल पहल बनी रही। ऐसे में वहां चोरों की चहलकदमी को भी किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। चोरों ने पहले दुकान के शटर को पर्दा डालकर ढका और उसके बाद अंदर दाखिल होकर इत्मिनान से घटना को अंजाम दे डाला।
नहीं पकड़ा गया सराफा का चोर
झांसी। दो-तीन जून की मध्य रात्रि थाना कोतवाली इलाके के बिसाती बाजार में स्थित अर्चना ज्वैलर्स पर एक चोर ने धावा बोल दिया था। दुकान से वो चार लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण ले उड़ा था। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिये चोर की पहचान की जा चुकी है। लेकिन, अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।