झांसी/समथर। थाना समथर के गांव साकिन में भूरे खां (75) की हत्या का आठ माह बाद पुलिस ने खुलासा किया है। प्रेम प्रसंग में पिता के बाधक बनने पर प्रेमी ने अपने दोस्त से ही प्रेमिका के पिता की हत्या कराई थी। दोस्त मानसिक रूप से विक्षिप्त था, जिसका फायदा उठाकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतरवा दिया गया था। घटना के बाद ठेले पर खरबूजा लेने पहुंचे आरोपी को हड़बड़ाहट में देखकर मोबाइल से फोटो खींच ली थी, जो पुलिस के लिए पूरे मामले का सही खुलासा करने में मददगार साबित हुआ। हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
एसपी देहात राहुल मिठास ने बताया कि थाना समथर के साकिन निवासी भूरे खां का शव खून से लथपथ हालत में खेत पर पड़ा मिला था। खेत गांव के रहने वाले भूरे का था, जिसके बाद मृतक के पुत्र असालत खां की तहरीर पर पुलिस ने भूूरे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी थी। बृहस्पतिवार को थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार दुबे ने हत्यारोपी बसीम को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि हत्यारोपी बसीम और मुख्य आरोपी शमशाद रिश्तेदार हैं। शमशाद का इलाके में रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चलता था। परिजनोें को जानकारी होने के बाद युवती के पिता ने बदनामी के डर से उसकी शादी कर दी थी। लंबा समय बीत जाने के बाद परिजन तो सब भूल गए थे, लेकिन शमशाद और उसकी प्रेम कहानी शादी के बाद भी जारी थी। इसी बीच गांव आने-जाने के दौरान युवती के पति को इसकी जानकारी लग गई। जहां पति ने बच्चे अपने पास रखने के बाद युवती को मायके भेज दिया। इसके बाद भी दोनों की प्रेम कहानी जारी रही।
युवती के पिता को इसकी भनक लगने के बाद उन्होंने विरोध जताना शुरू कर दिया था, लेकिन यह बात शमशाद को नागवार लगने लगी। इसके बाद शमशाद ने युवती के पिता को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए उसने बसीम को चुना, जिसका दिगामी संतुलन भी ठीक नहीं था। बसीम को लालच देकर मारने की जिम्मेदारी दे दी। 12 मई 2018 को मृतक भूरे खां खेत पर लकड़ी लेने आया था। मौके पर पहुंचे बसीम ने कुल्हाड़ी से हमला करने के बाद हत्या कर फरार हो गया था। पूछताछ में पता चला कि हत्या को अंजाम देकर बसाीम घबराता हुआ ठेले से खरबूजा लेने पहुंचा था। तीस रुपये का खरबूजा लेने लगा। हड़बड़ाहट की फोटो ठेले वाले ने चुपचाप खींच ली थी।
पड़ताल के दौरान ठेले वाले ने उक्त फोटो पुलिस को दी। फोटो देखकर पुलिस ने अपनी पड़ताल जारी रखी। पुलिस ने बसीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो घबराकर उसने पूरी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने युवती से भी पूछताछ की, जहां पूरी जानकारी पुलिस के सामने आई। अभी पुलिस पड़ताल कर रही थी, तभी इसकी भनक शमशाद को लगते ही वह गांव से भाग निकला।
दो माह पहले हुई थी शादी
हत्यारोपी बसीम की दो माह पहले ही शादी हुई थी, लेकिन उसने सोचा भी नहीं था कि पुलिस उसे पकड़ लेगी। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी पुलिस पहले ही घटना वाले दिन बरामद कर चुकी है। टीम में एसआई पंचीलाल पाल, कांस्टेबिल बलराम शर्मा, शिवम तिवारी, शैफाली पाल, शिवम अवस्थी भी मौजूद रहे।