फोटो..
बीयू: कैंपस कोर्सों के लिए आवेदन की होड़
- साढ़े ग्यारह हजार विद्यार्थियों ने भरे फॉर्म
- पत्रकार वार्ता में कुलपति ने दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कैंपस कोर्सों के लिए अब तक साढ़े ग्यारह हजार ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म भरे जा चुके हैं। जबकि, अभी फॉर्म भरने की अंतिम तिथि शेष है। पिछले साल कुल आठ हजार ऑनलाइन फॉर्म भरे गए थे। शनिवार को बीयू के कांफ्रेंस हॉल में हुई पत्रकार वार्ता के दौरान कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे ने यह जानकारी दी।
पहले यूपी बोर्ड और फिर स्नातक, परास्नातक की वार्षिक परीक्षाओं को नकलविहीन कराने का पूरा प्रयास किया गया। ऐसे में बीयू कैंपस कोर्सों के लिए ऑनलाइन आवेदन कम आने की आशंका थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे ने बताया कि अब तक लगभग साढ़े नौ हजार ऑनलाइन और दो हजार ऑफलाइन फॉर्म भरे जा चुके हैं। जोकि पिछले साल की तुलना में साढ़े तीन हजार अधिक हैं। अभी 15 जून तक फॉर्म भरे जाने हैं। कुलपति ने कहा कि कॉलेजों की वार्षिक परीक्षा में सख्ती करने के समय ही प्रवेश कम न हो इसकी भी तैयारी शुरू कर दी गई थी। इसी का परिणाम है कि आवेदन संख्या पिछले साल से भी ज्यादा हो गई है। प्रशिक्षण एवं रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 300 विद्यार्थियों के चयन पर वीसी ने प्रसन्नता जताई। इस दौरान कुलसचिव सीपी तिवारी, उप कुलसचिव राकेश कुमार मौजूद रहे।
ये रही वजहें
- यूपी बोर्ड के 13 लाख छात्रों को कोर्सों से जुड़े एसएमएस भेजे
- झांसी के अलावा पांच शहरों में प्रवेश परीक्षा का विकल्प देना
- बुंदेलखंड के सभी जिलों में कॅरियर काउंसिलिंग कराना
सीधे दूसरे वर्ष में लें प्रवेश
पॉलिटेक्निक पासआउट छात्र-छात्राओं को अपनी ट्रेड में ही इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष में सीधे प्रवेश पाने का मौका मिलेगा। पिछले कुछ सालों से इसे लागू करने के प्रयास चल रहे थे लेकिन इस बार से इसे प्रभावी कर दिया गया है।