तीन माह में बेरोजगारी दूर हों- उमा भारती
ललितपुर। रविवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में केंद्रीय मंत्री पेयजल एवं स्वच्छता उमा भारती ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होेंने अधिकारियों को जनपद में बेरोजगारी की समस्या को तीन महीने में दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने माना कि बुंदेलखंड में ललितपुर सबसे पिछड़ा हुआ जिला है।
समीक्षा बैठक में उपायुक्त मनरेगा जय सिंह ने बताया कि जिले के लिए कुल 29.45 दिनों में काम करने का लक्ष्य बनाया गया था, जिसमें से 18.35 लाख दिनों में काम हो चुका है। अब तक 4733.67 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जा चुकी है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में 2017-18 में कुल 499 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। परियोजना निदेशक डीआरडीए ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2017-18 में दो ब्लाक तालबेहट एवं जखौरा का चयन रिसोर्स ब्लाक के रूप में किया गया है। वहीं, बिरधा ब्लाक का चयन इंटेशिव ब्लाक के रूप में किया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण करने के लिए निर्देश दिए। जिले में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में कुल 2226 आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं एवं 445.50 लाख की धनराशि बांटी जा चुकी है। इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत कुल 25069 पात्र लाभ पा रहे है। जिन पर 616.63 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जा चुकी है। विधवा पेंशन योजना के अंतर्गत जिले के लिए कुल लक्ष्य 4208 का था, जिसमें 5278 पात्रों को लाभ दिया जा रहा है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना में लक्ष्य 560 है जिसमें शत-प्रतिशत पेंशन दी जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालयों के निर्माण में तेजी लाते हुए निर्धारित समय में ललितपुर जिले को खुले में शौच से मुक्त कराने के निर्देश पंचायती राज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी एवं नगर पंचायत को दिए। पेयजल कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए पाया कि जिले में कई बांध होने के बाद भी पानी का संकट है। केंद्रीय मंत्री ने बांध आधारित पेयजल योजनाओं का ब्लू प्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए। कचनौदा बांध से जुड़े किसानों को मुआवजा 11 दिन के भीतर व अन्य समस्याओं का निदान करने के निर्देश अधिकारी को दिए। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शीघ्र ही ललितपुर जिले के सम्पूर्ण मानचित्रों को डिजिटल फोर्म में उपलब्ध करा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में जिला पूर्ति अधिकारी रामजतन यादव ने बताया कि जिले में 56707 प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष 43552 आवेदन स्वीकृत हुए हैं जिसमें से 42779 लाभार्थियों के घरों में गैस कनेक्शन दिए गए। इस मौके पर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे, जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटील, मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी गोविन्द शरण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय सहित आदि अधिकारी मौजूद रहे।