हल्की बारिश से शहर की बिजली गुल
ललितपुर। रविवार को शहर की बिजली व्यवस्था हल्की बारिश में ही लड़खड़ा गई। मेंटीनेंस के अभाव में जगह-जगह फाल्ट होते रहे। सब स्टेशनों पर भी जंपर टूटने से धमाके होते रहे। ब्रेक डाउन होने की वजह से शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति घंटों ठप रही। हालांकि दोपहर के बाद सप्लाई में कुछ सुधार हुआ।
एक तरफ विद्युत विभाग द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व वसूली पर तो खूब मशक्कत की जा रही है, लेकिन मेंटीनेंस की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। रविवार को जनपद में सुबह करीब आठ से हल्की सी बारिश होने की वजह से जगह-जगह 11 हजार केवी लाइन में फाल्ट आ जाने से नगर सहित पूरे ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। बारिश होने की वजह से करीब सवा आठ बजे से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। गल्ला मंडी सब स्टेशन में स्थापित फीडर पिसनारी के अंतर्गत पीतांबरा कांटा के पास हाईटेंशन लाइन की डिस्क खराब होने के साथ ही इंसुलेटर भी बर्स्ट हो गया। इसके साथ ही एक नंबर फीडर में भी इलाइट के पास 11 हजार केवी लाइन में फाल्ट आ गया। जिससे मोहल्ला इलाइट चौराहा, रामनगर, पिसनारी, वंशीपुरा, बसंत विहार कालोनी, झांसीपुरा, अजीतापुरा, सरदारपुरा, बड़ापुरा, तलैयापुरा व कसाई मंडी आदि क्षेत्रों की आपूर्ति करीब 11 बजे सुचारु की गई, लेकिन फिर से फाल्ट के बाद आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद इन मोहल्लों की आपूर्ति करीब डेढ़ बजे शुरू की गई। वहीं फीडर नंबर चार के अंतर्गत जिला परिषद के पास हाइटेंशन लाइन की केबिल में फाल्ट आ गया। वहीं नझाई बाजार सब स्टेशन में स्थापित घंटाघर फीडर के अंतर्गत नझाई बाजार में ही एक ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग होने लगी। हालांकि मौजूद कर्मचारियों द्वारा ट्रांसफार्मर में आई खराबी को दूर कर स्पार्किंग बंद की गई। वहीं कटरा बाजार में लोहा पीतल मार्केट में भी विद्युत फाल्ट आने से आपूर्ति ठप रही। वहीं रौंड़ा 132 केवी सब स्टेशन से बाईपास सब स्टेशन जाने वाली 33 केवी लाइन का एक इंसुलेटर पेट्रोल पंप के पास खराब हो गया। जिससे बाईपास सब स्टेशन के सभी फीडरों की बिजली सुबह 9.05 बजे से दोपहर 11.55 बजे तक ठप रही। इंसुलेटर खराब होने से सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले कल्यानपुरा, निवाई, खितवांस-मसौरा, नदनवारा, रघुनाथपुरा फीडर भी सुबह 7.35 बजे से ब्रेक डाउन में चले गए। जिससे इन फीडरों में आने वाले करीब डेढ़ सौ गांव की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। सतरवांस और मिर्चवारा में भी हाइटेंशन विद्युत लाइन के जंपर टूट गए। दोपहर दो बजे तक भी इन गांवों की आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। हालांकि दोपहर बाद एक-एक फीडरों के फाल्ट सुधारकर आपूर्ति बहाल की गई। कई फीडरों की बिजली आपूर्ति तो चार बजे के बाद ही चालू हो सकी।