बंगरा। ग्राम पंचायत देवरी सिंहपुरा में हरियाली बढ़ाने के नाम पर खर्च की गई 3.06 लाख रुपये की धनराशि का दुरुपयोग सामने आया है। निरीक्षण के दौरान पौधरोपण के नाम पर कराए गए काम मौके पर नहीं मिले। मामले में जिला विकास अधिकारी ने ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) बृजेंद्र द्विवेदी को निलंबित कर दिया है।
जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार की ओर से जारी निलंबन आदेश के मुताबिक, मुख्य विकास अधिकारी के निरीक्षण में ग्राम पंचायत में कराए गए पौधरोपण कार्यों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। देवरी सिंहपुरा में बेदिया बाबा के पास गाटा संख्या 816 में पौधरोपण के नाम पर धनराशि खर्च की गई थी। निरीक्षण के समय मौके पर न तो नए पौधे मिले और न ही पौधरोपण के लिए गड्ढे खोदे जाने के प्रमाण मिले। वहां केवल पहले से लगे पेड़ ही दिखाई दिए।
नदी किनारे भी नहीं मिला अपेक्षित काम
इसी तरह पशुचर नदी के किनारे गाटा संख्या 835 में भी पौधरोपण से संबंधित अपेक्षित कार्य नहीं पाया गया। ग्राम पंचायत की जमीन पर भी पौधरोपण कराया जाना नहीं मिला। निरीक्षण में इन कार्यों पर खर्च की गई कुल 3,06,144 रुपये की धनराशि के दुरुपयोग का प्रथमदृष्टया मामला पाया गया।
मस्टररोल में फर्जी हाजिरी का भी आरोप
जांच में ग्राम पंचायत में स्थापित आरआरसी सेंटर में भी निर्धारित कार्य नहीं कराए जाने की बात सामने आई। आदेश में मस्टररोल में फर्जी हाजिरी दर्ज कर सरकारी धन के गबन का भी उल्लेख किया गया है। वीडीओ पर शासकीय धनराशि के दुरुपयोग के साथ ही कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं। जिला विकास अधिकारी ने बृजेंद्र द्विवेदी को उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली, 1999 के तहत निलंबित किया है। खंड विकास अधिकारी बंगरा सुनील कुमार सिंह ने वीडीओ के निलंबन की पुष्टि की है।