झांसी। विधान परिषद की झांसी-ललितपुर-जालौन सीट पर शनिवार को मतदान होगा, जिसमें तीनों जनपदों के 3,828 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान 37 बूथों पर सुबह आठ से शाम चार बजे के बीच होगा। चुनाव के लिए शुक्रवार को बुंदेलखंड महाविद्यालय से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया।
एमएलसी चुनाव के लिए जालौन जिले में 13 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 1,413 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। झांसी में 16 केंद्रों पर 1,395 मतदाता वोट डालेंगे। जबकि, ललितपुर में आठ मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,020 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी बूथों पर पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात रहेगी। इसके अलावा सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट निगरानी करेंगे। साथ ही माइक्रो आब्जर्वर की भी तैनाती की गई है। चुनाव में चार प्रत्याशी भाजपा से रमा निरंजन, सपा से श्याम सुंदर सिंह पारीछा, निर्दलीय तेज प्रताप सिंह व दातार सिंह किस्मत आजमा रहे हैं।
शुक्रवार को बुंदेलखंड महाविद्यालय से जिला निर्वाचन अधिकारी /डीएम रविंद्र कुमार की मौजूदगी में जिले की 16 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इस दौरान एसएसपी शिवहरी मीणा, सीडीओ शैलेष कुमार, एडीएम एके सिंह, संजय पांडेय, राम अक्षयवर चौहान व श्यामलता आनंद मौजूद रहीं।
तीनों जनपदों की बीकेडी आएंगी पेटियां
झांसी। मतदान के बाद झांसी समेत ललितपुर व जालौन जिले की मतपेटियां बुंदेलखंड महाविद्यालय में जमा होंगी। सुरक्षा के बीच पोलिंग पार्टियों को यहां लाया जाएगा। मतगणना 12 अप्रैल को बुंदेलखंड महाविद्यालय के कोठारी हॉल में सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
मतदाता ये रखें ध्यान
झांसी। मतदान केंद्र के भीतर मतदाता अपने साथ मोबाइल फोन, कैमरा, पेन, पेंसिल, सादा कागज व पानी की बोतल लेकर नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा मतदान केंद्रों को धूम्रपान निषेध स्थल घोषित किया गया है। धूम्रपान करने वालों से 200 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।