झांसी। रेलवे अस्पताल में कोविड के दौरान फ्रंट लाइन में काम करने वाले 250 कर्मियों को शुरूआत में वैक्सीन लगाने के लिए पंजीकरण किया गया है। जिला प्रशासन के सहयोग से इन कर्मियों को टीका लगाया जाएगा।
कोरोना से रेलवे अस्पताल के चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ भी लंबी लड़ाई लड़ता रहा। अस्पताल में संक्रमित एल टू श्रेणी के मरीजों के लिए सौ पलंगों का एक अलग वार्ड बनाया गया है। इस लड़ाई में यहां के पंद्रह चिकित्सक व तीस से अधिक कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित हो गए। शनिवार से विभिन्न केंद्रों पर वैक्सीनेशन का कार्य शुरू हो जाएगा।
झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ और बंगरा में टीका लगाया जाएगा। वहीं, रेलवे अस्पताल में 250 कर्मियों की भी टीकाकरण के लिए सूची तैयार की गई है। इन सभी कर्मचारियों का ऑनलाइन पंजीकरण करा दिया गया है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कोविड के दौरान फ्रंट लाइन में काम करने वाले कर्मियों का पंजीकरण करा दिया गया है। जिला प्रशासन के सहयोग से उनको टीका लगाया जाएगा।