झांसी। दो साल से लगातार पुलिस को चकमा देता आ रहा शातिर अपराधी गैंगस्टर संजय उर्फ सीटू यादव शुक्रवार को सीपरी बाजार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उस पर अलग-अलग थानों में आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
बड़ागांव गेट बाहर अमान का बगीचा निवासी रवि वर्मा पर 13 जून 2019 को ग्राम मैरी निवासी संजय उर्फ सीटू यादव व उसके गैंग के सदस्यों ने हमला कर दिया था। 50 हजार रुपये का गुंडा टैक्स न देने पर बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। हिस्ट्री शीट खंगालने पर उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज पाए गए थे। लेकिन, तमाम कोशिशों के बाद भी वो पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहा था। शुक्रवार को सीपरी बाजार थाना पुलिस को सीटू यादव के आईटीआई अंडरब्रिज के पास मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
बना रखे थे कई ठिकाने
झांसी। पकड़ा गया अपराधी सीटू यादव वैसे तो नवाबाद थाना इलाके के मैरी गांव का रहना वाला है। लेकिन, पुलिस पड़ताल में उसके दो और पते सामने आए। पुलिस से बचने के लिए कभी वो खोड़न में ठिकाना बना लेता था, तो कभी राजगढ़ के अंजनी नगर में अपना बसेरा कर लेता था।