कोरोना के 23 संक्रमित मिले, तीन की हुई मौत
झांसी। जिले में कोरोना के 23 नए मरीज मिले हैं। जबकि, तीन मरीजों की मौत हो गई है। मौजूदा समय में अस्पताल में भर्ती 20 मरीजों की भी हालत गंभीर है। ये सभी सरकारी और निजी अस्पतालों के आईसीयू में भर्ती हैं। कुछ की हालत नाजुक होने पर वेंटीलेटर पर रखा गया है।
शनिवार को झांसी में 5432 सैंपलों की जांच हुई। इसमें आरटीपीसीआर मशीन से 2610, ट्रू नेट से छह और एंटीजन किट से 2816 नमूनों की जांच हुई। इनकी जांच में 23 कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। वहीं, तीन मरीजों ने इलाज के दौरान अस्पतालों में दम तोड़ दिया है। अब झांसी में संक्रमितों का आंकड़ा 36423 पहुंच गया है। जबकि, मरने वालों की संख्या 614 हो गई है। अब एक्टिव केस 358 बचे हुए हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.33 प्रतिशत हो गया है। मृत्युदर 1.6 फीसदी है। लक्षण वाले सिर्फ 43 मरीज हैं, इनमें 20 की हालत गंभीर बनी हुई है।