बच्चों के कैश अवार्ड में बढ़ोत्तरी
- गंभीर बीमारियों के मरीजों की सहायता राशि भी बढ़ी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सेंट्रल रेलवे इंप्लाईज क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी के 105 वें अधिवेशन की पूर्व संध्या पर हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की मीटिंग में सोसायटी के शेयरधारकों के हित में कई फैसले लिए गए। इनकी जानकारी सोसायटी के झांसी मंडल के डायरेक्टर तथा नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मैंस यूनियन के मंडल सचिव आरएन यादव ने यूनियन के पदाधिकारियों को दी। बताया कि शेयर धारकों के अध्ययनरत बच्चों के लिये कैश अवार्ड में बढ़ोत्तरी की गई है।
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल अथवा समकक्ष परीक्षा 70 प्रतिशत अथवा अधिक अंकों से उत्तीर्ण छात्र व छात्राओं 750 रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये, 80 प्रतिशत अथवा अधिक अंक पाने पर 1500 से बढ़ाकर 1750 रुपये, इंटरमीडिएट में 2000 से बढ़ाकर 2250 , ग्रेजुएशन 2000 से बढ़ाकर 2250, पोस्ट ग्रेजुएशन में 3000 से बढ़ाकर 3250 रुपये कर दी गई है। उपरोक्त बढ़ोत्तरी 2017 के सत्र से ही लागू होगी।
इसी प्रकार गंभीर बीमारियों से पीड़ित अंशधारकों की सहायता राशि में वृद्धि की गई है। इसमें टीबी एवं लेप्रोसी के लिये 10000 से बढ़ाकर 15000, कैंसर एवं लकवा के लिये 20000 से बढ़ाकर 25000 रुपये कर दिए गए हैं। इस मौके पर एचएस चौहान, मनोज जाट, मोहम्मद शकील, बीके यादव, अशोक त्रिपाठी, पीके स्याल, नीरज उपाध्याय, मंडल मीडिया प्रभारी पवन झारखड़िया मौजूद रहे।