देश की आजादी में तेली समाज का अहम योगदान: प्रहलाद
ललितपुर। देश की आजादी में तेली (साहू) समाज को अहम योगदान रहा है। देश को जब-जब जरूरत पड़ी तेली समाज में जनमें महापुरुषाें ने अपनी कुर्बानी दी है। यह बात रविवार को नगर के तुवन ग्राउंड पर मां रूपाबाई साहू धर्मशाला ट्रस्ट और साहू समाज की ओर से आयोजित समाज के नवनिर्वाचित सभासदों के सम्मान-समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रहलाद दामोदर दास मोदी ने कही। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी को भी तेली समाज का बताया।
समारोह में प्रहलाद ने किसी का नाम लिए बगैर ही विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब देश भ्रष्टाचार एवं परिवारवाद की खाई में डूब रहा था तब तेली समाज ने देश को बचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में तेली समाज की बड़ी भूमिका रही है। प्रहलाद मोदी ने कहा कि जब-जब देश को जरूरत पड़ी तब-तब तेली समाज में जनमें महापुरषाें ने अपनी कुर्बानी दी है। कार्यक्रम में उन्होंने तेली समाज के इतिहास के बारे में बताते हुए कहा कि जब महाराणा प्रताप सिंह हताश हो गए थे तब देश भक्ति की भावना से प्रेरित तेली समाज के भामाशाह ने हिंदुओं को बचाने का काम किया था। मगध नरेश का अभिमान (घमंड) भी चंद्रगुप्त मौर्य ने तोड़ा था। देश में आजादी की मुहिम जगाने वाले मोहनदास कमरचंद गांधी जी को भी तेली समाज से वास्ता रखने वाला बताया। उन्होंने कार्यक्रम में साहू समाज के नवनिर्वाचित सभासदों को शील्ड व श्रीफल देकर सम्मान भी किया। इससे पहले गायिका ऋचा पुरोहित ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, पालिकाध्यक्ष रजनी साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह लोधी व सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे, भावना सुरेश साहू मौजूद रहे। इस मौके पर घनश्याम साहू, बाबा कांशीराम साहू, नारायण दास साहू, पर्वतलाल साहू, छक्कीलाल साहू, आशाराम साहू, रामसेवक साहू, डा. श्रीराम साहू, डा. दीपक चौबे, भगवतदयाल सिंधी, बब्बूराजा बुंदेला, प्रभात दीक्षित उपस्थित रहे। अध्यक्षता रामगोपाल साहू व संचालन सत्यनारायण साहू व रामस्वरूप साहू ने संयुक्त रूप से किया।
आपका दुख दूर हो जाएगा
सभासद भारत भूषण चौरसिया ने जिले की बेरोजगारी की समस्या को रखा। जिस पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में इन्वेस्टमेंट योजना के अंतर्गत जो उद्यम आए उसे मुख्यमंत्री से ललितपुर में लगवाने का आग्रह कीजिए, जिससे बेरोजगारी की समस्या दूर हो सके।
सरकारी नियम बताकर कर ली इतिश्री
एक व्यक्ति ने राशनकार्ड नहीं होने की शिकायत की तो इस पर उन्होंने कहा कि अंत्योदय योजना के तहत सस्ते दर पर अनाज मिल जाता है। इस योजना में राशन कार्ड बनवा लीजिए। यह आपका अधिकार है, इसमें मेरी मदद की जरूरत नहीं है।
कठिनाई भरा है पालिका अध्यक्ष पद
प्रहलाद मोदी ने कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पद को महापौर के नाम से कई बार संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह पद काफी कठिनाई भरा होता है। उन्होंने शहर का समुचित विकास होने का भरोसा भी दिया। इस दौरान उन्होंने पालिका अध्यक्ष को शील्ड व श्रीफल देकर सम्मानित किया।
बारिश ने कार्यक्रम में डाला खलल
बारिश ने सम्मान समारोह में खलल डाला। जैसे ही प्रहलाद मोदी का भाषण समाप्त हुआ, वैसे ही झमाझम बारिश होने लगी। इससे सभासदों का सम्मान समारोह कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। कुछ ही पलों में कुर्सी खाली दिखाई देने लगी। लेकिन सभासद सम्मान के इंतजार में डटे रहे। बारिश रुकने के बाद सभासदों का सम्मान किया गया।