झांसी। महानगर के 20 हजार उपभोक्ताओं पर 50 करोड़ से अधिक का पानी बिल का बकाया है। अब विभागों ने बकायेदारों की खोज शुरू कर दी है। इसमें सरकारी विभाग, घरेलू और कामर्शियल कनेक्शन धारक भी हैं। सख्ती करते हुए आरसी जारी की जा रही है।
जलसंस्थान के आंकड़ों में 57 हजार कनेक्शन धारक हैं। जिनके ऊपर 50 करोड़ रुपये बकाया है। ऐसे सभी लोगों को विभाग अब आरसी जारी कर रहा है। इसके बाद भी बकाया जलकर नहीं जमा करने पर पानी का कनेक्शन काटने की कार्रवाई विभाग की ओर से की जाएगी। जलसंस्थान ने मार्च में वसूली के लिए रोस्टर तैयार कर लिया है। 944 घरेलू उपभोक्ता जिन पर 18 करोड़ बकाया है उनकी आरसी जारी की गई है। वहीं, 358 कमर्शियल उपभोक्ता जिन पर विभाग की 18 करोड़ 38 लाख की देनदारी है। उनको भी आरसी जारी कर दी गई है। इसके साथ ही सात करोड़ सरकारी विभागों पर भी बकाया है। कुल मिलाकर अब तक 1302 की आरसी और आठ हजार से ज्यादा को नोटिस भेजे गए हैं। अब इन पर कार्रवाई होना तय है। इस संबंध में आरएस सिंह बादलीवाल, अधिशासी अभियंता, जलसंस्थान ने बताया कि सभी को नोटिस जारी किए गए हैं जल्द ही रिकवरी की जाएगी। वहीं एक बड़ी संख्या ऐसे बकायेदारों की भी है जो खोजे नहीं मिल रहे हैं।
चुनाव के चलते नहीं हुई कार्रवाई
सभी बकाएदारों की सूची तैयार कर ली गई है, लेकिन चुनाव के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। अब चुनाव खत्म होते ही सभी बड़े बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए दस हजार से लेकर लाखों तक के बकायदारों की सूची तैयार की जा रही है रोस्टर के हिसाब से उनसे वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
इतना लगता है बिल
109.87 रुपये घरेलू कनेक्शन पर प्रतिमाह
323.40 रुपये कर्मशियल कनेक्शन पर प्रतिमाह
बड़े बकाएदारों की सूची तैयार कर ली गई है। लगातार वसूली के लिए कैंप भी लगाए जा रहे हैं। लगातार नोटिस भी भेजे जा रहे हैं। इसके बाद भी कोई बिल जमा नहीं करता है तो उसकी आरसी जारी की जाएगी। - कुलदीप सिंह, महाप्रबंधक , जलसंस्थान