झांसी। जिले के 2,437 खाताधारक बैंकों में जमा अपने चार करोड़ दो लाख इकतीस हजार रुपये भूल गए हैं। पिछले दस साल से इन लोगों ने अपने खाते से रकम की निकासी नहीं की है और न ही पैसा जमा किया। वित्त मंत्रालय के निर्देश पर अब बैंक इन खाताधारकों से संपर्क करेंगे।
ज्यादातर लोग बैंक में जमा अपनी रकम का पाई-पाई का हिसाब रखते हैं। इसमें किसी भी तरह की कमी सामने आने पर तत्काल बैंक शाखाओं में संपर्क करते हैं। समय-समय पर अपनी पासबुक भी अपडेट कराते रहते हैं लेकिन, वित्त मंत्रालय द्वारा हाल ही में जारी की गई रिपोर्ट में झांसी में ऐसे 2,437 खाताधारक सामने आए हैं, जिन्होंने पिछले दस सालों और इससे भी अधिक समय से अपने खाते का संचालन नहीं किया है। ऐसे सभी खातों में जमा रकम को अब रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने अपनी निगरानी में ले लिया है।
इसके अलावा वित्त मंत्रालय द्वारा बैंकों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे सभी खाताधारकों से संपर्क कर उन्हें दुबारा से खातों का संचालन शुरू करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। खाताधारक के जीवित न होने की स्थिति में उसके कानूनी वारिस को नियमानुसार रकम उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गईं हैं।
ऐसे सभी खाताधारकों की रकम रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया अपनी निगरानी में ले लेता है। खाताधारक या उसके आश्रित के सामने आने पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने पर यह राशि उन्हें उपलब्ध करा दी जाती है।
- अरुण कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक