सामान्य स्नातक के बजाए प्रोफेशनल कोर्सों पर जोर
- बीए, बीएससी के प्रवेश में रुझान हुआ कम
- बीएलएड और आईटीआई से गिरा है ग्राफ
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बीए, बीएससी कर सामान्य स्नातक कहलाने के बजाए छात्र-छात्राएं अब करियर संवारने के लिए प्रोफेशनल कोर्स पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। हाल यह है कि बीकॉम को छोड़ दें तो बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में बीए, बीएससी में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं का रुझान कम हुआ है। अब तक हुए ऑनलाइन पंजीकरण से ऐसा सामने आया है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से 300 से अधिक कॉलेज संबद्ध हैं। इन कॉलेजों में बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमकॉम कोर्सों के प्रथम वर्ष में लगभग 1.80 लाख सीटें हैं। सीटों के मुकाबले अब तक एक लाख पंजीकरण ही हुए हैं। कॉलेज सूत्रों की मानें तो इस बार बीए, बीएससी के प्रवेश में काफी कमी आई है। खासतौर पर स्ववित्त पोषित योजनांतर्गत चल रहे महाविद्यालयों का हाल बहुत खराब है। स्थिति पिछले साल से भी खराब है। पिछले साल जहां 1.60 लाख सीटों पर लगभग एक लाख छह हजार प्रवेश हुए थे। बताया गया कि बीए का ग्राफ गिरने का मुख्य कारण बीएलएड और आईटीआई है। इस बार बीएलएड में सीटों के मुकाबले छह गुने आवेदन आए थे। वहीं, बीएससी में आई कमी के पीछे बीएससी एग्रीकल्चर साइंस कोर्स को वजह बताया जा रहा है। भविष्य की संभावनाओं के मद्देनजर इन प्रोफेशनल कोर्सों में प्रति छात्र-छात्राओं का झुकाव बढ़ा है।
बीयू ने फिर बढ़ाई पंजीकरण तिथि
सीटें खाली रह जाने के मद्देनजर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने एक बार फिर बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमकॉम कोर्स के प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी है। कुलसचिव प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि अब 14 अगस्त तक विद्यार्थी पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं, जिन छात्रों को सीट आवंटन हो गया है, वो जल्द ही संबंधित कॉलेज में प्रवेश कंफर्म करा लें।