प्रयागराज में जनवरी से कुंभ शुरू हो जाएगा। पहला शाही स्नान मकर संक्रांति पर्व पर होगा। इसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। झांसी से भी हजारों श्रद्धालु जाएंगे। ऐसे में रोडवेज प्रयागराज के लिए झांसी व उरई से180 बसें चलाएगा। पूर्व में 120 बसें चलाने की योजना थी। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि इससे सामान्य बस सेवा बिलकुल भी प्रभावित नहीं होगी। 60 बसें अतिरिक्त फेरे लगाने के लिए रिजर्व रहेंगी।
हिंदू धर्म के अनुयायियों के लिए कुंभ का विशेष महत्व है। इसी मान्यता के चलते झांसी के शहरी तथा ग्रामीण इलाकों से भारी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु अपने परिजनों सहित कुंभ मेला में हिस्सा लेंगे। इन यात्रियों को प्रयागराज आने - जाने में दिक्कतें न आयें, इसके लिए रोडवेज व्यापक तैयारी कर रहा है। बबीना, समथर, मोंठ, बरुआसागर, एट, पुंछ, बडौरा, बड़ागांव, पारीछा, गुरसराय, मऊरानीपुर, एरच, गरौठा सहित कई इलाकों से प्रयागराज के लिए बसें संचालित होंगी। आरएम रामलवट के मुताबिक सभी नई व पुरानी बसें चलायी जाएगी। यह बसें प्रयागराज कब से जाएगी, इसकी तिथि जल्द तय हो जाएगी। वहीं प्रयागराज यात्रियों के लिए हेल्पलाइन भी जारी होगा। उनके अनुसार सभी बसोें को नये सिरे से ठीक किया जा रहा है। ताकि सफर में यात्रियों को दिक्कत न हो।