-----
अब घर बैठे मशीन से जमा करें हाउस टैक्स
- महापौर ने बिल कलेक्टरों को सौंपी हैंड हैल्ड मशीन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
नगर निगम में जमा होने वाला हाउस टैक्स अब गृहकर दाताओं के लिए सुविधाजनक हो गया है। गृहस्वामियों को नगर निगम जाने की जरूरत नहीं है, बल्कि हाउस टैक्स जमा करने के लिए उनके घर आने वाले बिल कलेक्टर हैंड हैल्ड मशीन से टैक्स जमा करेंगे। यदि गृहस्वामी टैक्स जमा करने की रसीद चाहेंगे तो jhansipropertytax.com पर property i.d. डालकर प्राप्त कर सकते हैं। सोमवार को महापौर रामतीर्थ सिंघल ने 20 बिल कलेक्टरों को हैंड हैल्ड मशीन सौंपी।
हैंड हैल्ड मशीन से गृहस्वामी को गृहकर का बकाया, बिल व जमा रसीद की सुविधा मिलेगी। मशीन में कैश जमा किया जा सकता है, या फिर चेक से जमा कर सकते हैं। यदि कोई स्वाइप कार्ड से पैसा जमा करना चाहता है, तो वह भी पैसा जमा कर सकता है। नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि भवन स्वामी जैसे ही टैक्स जमा करेगा, तत्काल उसका गृहकर अपडेट हो जाएगा। पीपीपी मॉडल पर एचडीएफसी बैंक के सहयोग से हैंड हैल्ड मशीन काम करेंगी।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह, एमएनएलपी राजकिशोर सिंह, डा. पुष्पराज गौतम, चंद्रिका प्रसाद, आनंद सिंह, योगेंद्र सिंह, उप्र स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष मोहम्मद परवेज खान, गोपाल कृष्ण दुबे, परशुराम सतोइया, अशोक वाल्मीकि मौजूद रहे।