10 स्कूलों में शिक्षक की भर्ती जल्द
झांसी। लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे दस जूनियर हाईस्कूलों में जल्द ही 25 शिक्षकों की भर्ती होगी। इसमें से दस पद प्रधानाध्यापक और 15 पद सहायक शिक्षकों के हैं। इन विद्यालयों में लिपिक के भी सात पद रिक्त हैं, पर इनकी नियुक्ति कब होगी, यह तय नहीं है।
जनपद में 23 अनुदानित जूनियर हाईस्कूल हैं। इनमें से श्री शंकर जूनियर हाईस्कूल पटा सगौली, सूर्य प्रताप जूनियर हाईस्कूल बिजना, श्री शंकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय खंदरका, कैंट जूनियर हाईस्कूल सदर, गोविंद कन्या जूनियर हाईस्कूल खत्रयाना, संकट मोचन जूनियर हाईस्कूल बामौर, कैंट जूनियर हाईस्कूल लालकुर्ती, सहाय लालचंद्र जूनियर हाईस्कूल चिरगांव, बाल मंदिर जूनियर हाईस्कूल गरिया मार्ग व श्री वाल्मीकि जूनियर हाईस्कूल नेहरू नगर मोंठ है। इन स्कूलों में सहायक अध्यापक और प्रधानाध्यापक के पद रिक्त हैं। पदों पर भर्ती के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभी चार स्कूलों ने भर्ती के लिए अनुमति मांगी गई है। जल्द ही अन्य स्कूलों में भी शिक्षकों की भर्ती होगी। बीएसए हरिवंश कुमार ने बताया कि जूनियर हाईस्कूलों में भर्ती प्रक्रिया विद्यालय स्तर से हो रही है। इन स्कूलों ने नियुक्ति के विज्ञापन अलग से जारी किए गए हैं।