गुम मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे
झांसी। स्वॉट, सर्विलांस व साइबर सेल ने दस गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए। जिनकी कीमत पचास हजार रुपये बताई जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास ने बुधवार को अपने कार्यालय में लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस किए। मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
जिले के कई इलाकों में मोबाइल चोरी या गिरने की घटना हुईं। लोग इसकी शिकायत या तो करते नहीं या फिर पुलिस इन शिकायतों को गंभीरता से लेती नहीं है। महंगा मोबाइल गंवाने वाले कुछ लोग अपनी फरियाद लेकर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के पास पहुंचे। जहां शिकायत को गंभीरता से लेकर मोबाइल बरामदगी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास के जरिए स्वॉट टीम व सर्विलांस सेल प्रभारी विजय कुमार पांडेय को जिम्मेदारी सौंपी। टीम ने मिलकर चंद दिनों में ही दस मोबाइल बरामद किए। मोबाइल मिलने पर पुलिस ने सभी पीड़ितों को सूचना दी थी।
बुधवार को सीपरी बाजार के बैंकर्स कॉलोनी निवासी पन्नालाल, कोतवाली के नई बस्ती निवासी अश्वनी वर्मा, मेडिकल कॉलेज कैंपस निवासी हसन अहमद, थाना सीपरी बाजार के नानकगंज निवासी शरद मिश्र समेत सभी को मोबाइल सौंपे, जिसे पाकर सभी के चेहरे भी खिल उठे। इस मौके पर साइबर सेल प्रभारी अजीत सक्सेना, भानू प्रताप सिंह, सोनाली सिंह, सर्विलांस से दुर्र्गेश, प्रशांत, मनोज मौजूद रहे।