क्रासिंग गेट पर डेढ़ घंटे जाम में फंसे रहे वाहन
झांसी। ग्वालियर रोड रेलवे क्रासिंग पर सोमवार की शाम अप और डाउन ट्रैक से ट्रेनें निकलने में हुई देरी के कारण जाम लग गया। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका।
सोमवार की शाम ग्वालियर रोड क्रासिंग पर अप और डाउन दोनों ट्रैकों से ट्रेनें निकलने के कारण 25 मिनट से ज्यादा गेट बंद रहा। एक- एक कर साबरमती एक्सप्रेस, मालगाड़ी, एक खाली इंजन व कुशीनगर एक्सप्रेस गुजरी। इससे मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। गेट खुलते ही वाहन आमने-सामने आ गए, जिससे जाम लग गया। आगे निकलने के लिए वाहन चालक हॉर्न पर हॉर्न बजा रहे थे। इससे शोरगुल हो रहा था। एक घंटे बाद जाम खुला, मगर स्थिति सामान्य होने में 30 मिनट का समय और लग गया। ऐसा यहां पहली बार नहीं हुआ है। ऐसी स्थिति आए दिन बनी रहती है। गौरतलब है कि इस क्रासिंग से 24 घंटे के भीतर मालगाड़ियों सहित 70 ट्रेनें गुजरती हैं और लगभग 14 घंटे क्रासिंग बंद रहती है।
महीने में गुजरते है 1.85 लाख वाहन
रेलवे हर तीन साल के अंतराल में रेलवे क्रासिंग से गुजरने वाले वाहनों का सर्वे कराता है। 24 घंटे में रेलवे क्रासिंग से कितने वाहन गुजरे (पैदल यात्री को छोड़कर), यहां तक कि साइकिल सवार को भी सर्वे में जोड़ा जाता है। अभी इस क्रासिंग से महीने में 1.85 लाख वाहन गुजरते हैं।