जांच के डर से जड़े ताले, भागे कोचिंग संचालक
झांसी। शिक्षा विभाग की टीम ने शहर के दस से अधिक कोचिंग सेंटरों की जांच की। जांच के डर से कई कोचिंग संचालक केंद्रों पर ताला डालकर भाग गए। कुछ केंद्रों में मानक पूरे नहीं थे। इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज पांडेय ने कोचिंग संचालकों को मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक की तरफ से बनाई गई टीमों के सदस्यों ने शहर के अलग-अलग कोचिंग सेंटरों पर जांच की। इनमें से आधे कोचिंग सेंटर मानक के अनुरूप नहीं मिले। उनमें न आग लगने पर बुझाने के पर्याप्त संसाधन थे और न ही आपातकालीन निकास था। इस पर सभी को जल्द से जल्द मानकों को पूरा करने की निर्देश दिया।
दूसरी ओर जांच के डर से आधे कोचिंग संचालक भाग खड़े हुए। आगे इस प्रकार की स्थिति पैदा न हो इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने निर्देश जारी कर नियमों का पालन शत प्रतिशत करने के लिए सभी को समय दिया है। समय उपरांत खामी पाए जाने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
इन मानकों का करना होगा पालन
- जेडीए से स्वीकृत बिल्डिंग हो।
- अपातकालीन निकासी की व्यवस्था हो।
- आग बुझाने के यंत्र हों।
- बिजली के उपकरण व फिटिंग की जांच लगातार हो।
- पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था हो।
- सीसीटीवी की निगरानी में कोचिंग हो।
- शौचालय, फर्नीचर की व्यवस्था हो।
- प्रत्येक कोचिंग सेंटर का पंजीकरण हो।
- समय पर पंजीकरण का रिन्युवल हो।