लक्ष्य पाने को घर-घर पहुंची बिजली विभाग की 10 टीमें
ललितपुर। सरचार्ज समाधान योजना का लक्ष्य पाने के लिए बुधवार को शहर के गली-मुहल्लों में बिजली विभाग की 10 टीमें घर-घर पहुंची और पंजीकरण नहीं कराने वाले सवा दो करोड़ रुपये के 103 बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। जबकि चेकिंग और शिविर के दौरान बुधवार को शहर में करीब 80 उपभोक्ताओं के सरचार्ज समाधान योजना में पंजीकरण कराए गए और कुुल करीब बीस लाख रुपये का राजस्व वसूला गया। सरचार्ज समाधान योजना में पंजीकरण कराने के लिए उपभोक्ताओं के पास भी अब तक आज का दिन ही बाकी बचा हुआ है। यदि इसमें आज भी उपभोक्ताओं ने पंजीकरण नहीं कराया, तो इन उपभोक्ताओं को सरचार्ज समाधान योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा और उन्हें सरचार्ज समेत पूर्ण राशि का विद्युत बिल जमा करना होगा।
शहर में करीब छह हजार बिजली उपभोक्ताओं पर लगभग 39 करोड़ रुपए से अधिक की विद्युत बकाएदारी चल रही है, जो वसूलना बिजली विभाग के लिए बड़ी मुशीबत बना हुआ है। ऐसे में विद्युत कार्पोरेशन द्वारा सरचार्ज माफी समाधान योजना लागू तो की है, लेकिन इसमें भी उपभोक्ताओं द्वारा अधिक दिलचस्पी नहीं लेने के कारण विभाग लक्ष्य के पास तो दूर आधा लक्ष्य पाने में भी सफल नहीं हो पा रहा है। जबकि अब सरचार्ज माफी समाधान योजना में पंजीकरण में भी अब मात्र 31 जनवरी यानि आज का दिन ही बाकी बचा हुआ है। ऐसे में बिजली विभाग ने बुधवार को पूरे शहर में विद्युत वसूली के लिए अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में दस टीमें उतारी और टीमों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने घर-घर पहुंची बिजली चेकिंग की। जिसके तहत बुधवार को टीमों द्वारा शहर में सवा दो करोड़ रुपए के 103 विद्युत बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए गए, जिससे मुहल्लों में हड़कंप मचा रहा। कनेक्शन कटते ही उपभोक्ता विद्युत विभाग के दिन भर चक्कर भी लगाते रहे। वहीं विभाग द्वारा शहर में ही करीब 80 उपभोक्ताओं के सरचार्ज समाधान योजना में पंजीकरण भी कराए गए। जिनसे विभाग ने लगभग पांच लाख रुपए का राजस्व वसूला। जबकि शहर में पंजीकरण समेत विद्युत विभाग ने लगभग बीस लाख रुपए का विद्युत राजस्व वसूल किया। वहीं विद्युत खंड कार्यालय प्रथम के अंतर्गत जखौरा क्षेत्र में करीब 40 कनेक्शन काटे गए, जिन पर भी लाखों रुपये की विद्युत बकाएदारी चल रही थी। साथ ही खंड प्रथम के अंतर्गत तालबेहट जखौरा व अन्य देहात क्षेत्रों विद्युत शिविर और बिजली चेकिंग के दौरान भी करीब पांच लाख रुपए का विद्युत राजस्व वसूला गया। इसमें उपखंड अधिकारी चतुर्थ रमेश यादव, अवर अभियंता विनय साहू उपस्थित रहे। वहीं प्रबंध निदेशक आगरा के के निर्देश पर जनपद में सरचार्ज समाधान योजना की प्रगति और समीक्षा के लिए आगरा के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार जैन ने भी विद्युत शिविरों और विद्युत चेकिंग में पहुंचकर स्थिति देखी। उन्होंने शहर के नझाई बाजार में अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार कटियार के साथ सरचार्ज समाधान योजना में पंजीकरण का जायजा लिया, वहीं उन्होंने शहर में ही तालाबपुरा में बिजली चेकिंग में शामिल होकर चेकिंग की समीक्षा की। टीम में चेकिंग के दौरान अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार कटियार, उपखंड अधिकारी प्रथम राजेश पटेल, उपखंड अधिकारी पंचम महेश प्रसाद, अवर अभियंता पंकज मौर्य, मोहित सोनी आदि शामिल रहे।