झांसी और ललितपुर जनपद में कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। साथ ही बढ़ रहा है मौत का आंकड़ा। मंगलवार को दोनों जिलों में 1493 लोगों में इस महामारी का संक्रमण पाया गया, जबकि 20 संक्रमितों की मौत भी हुई है। इनमें झांसी में 1236 नए मरीज मिले, जबकि 13 संक्रमितों की सांसें थम गई। वहीं, ललितपुर में 257 नए मरीज सामने आए और 7 की मौत हुई।
झांसी में मंगलवार को कोरोना ने 13 लोगों की जान ले ली, जबकि रिकॉर्ड 1236 लोगों को अपना शिकार बना लिया। अब जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 30429 और मरने वालों की संख्या 330 हो गई है। मंगलवार को कोरोना के 5312 सैंपलों की जांच की गई, इसमें आरटीपीसीआर मशीन से 2966, ट्रू नेट से 41, एंटीजन किट से 2305 नमूने जांचे गए। जांच में 1236 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जबकि, 13 लोगों की मौत भी हो गई है।
मरने वालों में 80 पीजी मेरिड हॉस्टल निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग, इतवारीगंज के 59 साल के व्यक्ति, मसीहागंज के 45 वर्षीय व्यक्ति, चिरगांव का 30 साल का युवक, प्रेमनगर का 48 साल का व्यक्ति, एरच की 55 वर्षीय महिला, बरुआसागर निवासी साल के बुजुर्ग, चारलीगंज की 59 साल की महिला, तिलयानी बजरिया के 65 साल के वृद्ध, क्रिश्चियन हॉस्पिटल के 85 वर्ष के बुजुर्ग, प्रेमनगर निवासी 56 साल के व्यक्ति, आवास विकास कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग और प्रेमगंज की 69 वर्षीय वृद्ध शामिल है। अब संक्रमितों का आंकड़ा 30429 पहुंच गया है। जबकि, एक्टिव केस 7902 हो गए हैं। रिकवरी रेट 72.94 प्रतिशत हो गया है। मौजूदा समय में लक्षण वाले 948 मरीज हैं, इनमें 318 की हालत गंभीर बनी हुई है।