झांसी। बीकेडी के 14 छात्रों के प्रवेश को लेकर जारी विवाद के बीच बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा कराई जांच में पता चला है कि सभी छात्रों का प्रवेश ऑनलाइन कंफर्म नहीं है। इसी कारण से उनके परीक्षा फॉर्म नहीं खुल रहे हैं।
गौरतलब है कि बुंदेलखंड महाविद्यालय ने 14 छात्रों के फॉर्म न खुलने पर दो सूची बनाकर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को भेजी थीं। कुलसचिव पीएन प्रसाद के मुताबिक सूचियों में अंकित छात्र-छात्राओं के परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन भरने के संबंध में विश्वविद्यालय के सिस्टम एनालिस्ट से परीक्षण कराया गया।
परीक्षण के बाद पता चला कि सूची में उल्लेखित छात्र-छात्राओं में पांच के ऑनलाइन फॉर्म कन्फर्म नहीं हैं, जबकि तीन छात्रों की पंजीकरण संख्या नहीं दी गई है। इससे ऐसा लगता है कि इनकी पंजीकरण संख्या नहीं है। वहीं, छह अन्य विद्यार्थियों के बीकेडी की जगह दूसरे महाविद्यालय में ऑनलाइन प्रवेश कंफर्म हैं।
इससे स्पष्ट है कि दोनों सूचियों में दिए गए 14 छात्रों में से कोई भी बुंदेलखंड महाविद्यालय (कोड 311) में ऑनलाइन कंफर्म नहीं है। इसी के चलते छात्रों के परीक्षा फॉर्म नहीं खुल रहे हैं।
कुलसचिव का कहना है कि हर साल बुंदेलखंड में सिर्फ बीकेडी में ही प्रवेश को लेकर समस्या आती है। पिछले वर्ष भी महाविद्यालय द्वारा छात्रों के ज्यादा प्रवेश ले लिए गए थे। उन्होंने कहा कि अब जो भी इस मामले में दोषी है, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाए।