10 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज
झांसी। झांसी-ललितपुर लोकसभा सीट पर जमा हुए नामांकन पत्रों की बुधवार को जांच हुई, जिसमें विभिन्न कमियां पाए जाने पर 10 नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। अब 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। बृहस्पतिवार को प्रत्याशियों को नाम वापसी का मौका दिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव के चतुर्थ चरण की नामांकन प्रक्रिया दो अप्रैल को शुरू हुई थी लेकिन नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दो दिन सोमवार और मंगलवार को 21 प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए थे, जिनकी बुधवार को रिटर्निंग ऑफिसर शिवसहाय अवस्थी ने अपने सहयोगियों के साथ जांच की। विभिन्न कमियां सामने आने पर राष्ट्रीय सर्वजन पार्टी के महेश चंद्र इमलौटिया, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के राजाराम, सत्य बहुमत पार्टी के राजेंद्र कुमार गुप्ता, निर्दलीय गोपाला, इंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, मायावती अहिरवार, महेंद्र कुमार यादव, नेमीचंद्र जैन और देवेंद्र का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया।
इनमें से किसी के नाम निर्देशन पत्र में शपथ पत्र पूरे नहीं भरे गए थे, तो किसी के में प्रस्तावक निर्धारित संख्या में नहीं थे। यहां तक कि एक प्रत्याशी ने तो चालान भी जमा नहीं किया था। इस पर नाम निर्देशन पत्र खारिज किए गए।
अब ये हैं मैदान में
समाजवादी पार्टी से श्यामसुंदर सिंह, भारतीय जनता पार्टी से अनुराग शर्मा, इंडियन नेशनल कांग्रेस से शिवशरण, किसान रक्षा पार्टी से गौरीशंकर बिदुआ, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी से जगत विक्रम सिंह, स्वतंत्र जनता पार्टी से दिलशाद अहमद सिद्दीकी, बुंदेलखंड क्रांति दल से श्रुति अग्रवाल, निर्दलीय कल्पना खर्द, राजा खटीक, रामगोपाल और सुनील प्रजापति।