झांसी। प्रेमनगर थाना इलाके के बल्लमपुर गांव में बुधवार की सुबह प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। इससे दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया गया कि युवक की बुधवार को शादी तय होने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही दोनों ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
ग्राम बल्लमपुर निवासी परमसुख एक दुकान पर वेल्डिंग का काम कर परिवार का जीवन-यापन करते हैं। उनकी बेटी करिश्मा (18) ने इसी साल पास के ही एक निजी स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। उनके घर से तकरीबन आधा किमी दूर गांव में ही मुनीम पाल का घर है। मुनीम मजदूरी करके परिवार का जीवन यापन करते हैं। उनकी एक बेटी अनुष्का, बेटा प्रमोद के अलावा सबसे बड़ा बेटा सोनू पाल (17) था। सोनू ने इस साल हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। करिश्मा और सोनू एक ही स्कूल में पढ़ते थे। दोनों के बीच की दोस्ती कब प्यार में बदल गई, इसकी किसी को भनक तक नहीं हुई। इसी बीच सोनू पाल की रिश्ते की बात चल निकली। बुधवार को चिरगांव के अऊपारा से सोनू का रिश्ता पक्का करने के लिए कुछ लोगों को आना था। इसे लेकर सोनू और करिश्मा दोनों ही परेशान थे। वे किसी भी कीमत पर एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ना चाहते थे। इसी उधेड़बुन के बीच दोनों ने साथ में मरने का फैसला ले लिया।
मंगलवार की रात गांव में बिजली नहीं थी। ऐसे में करिश्मा का पूरा परिवार घर की छत पर सोने चला गया था। जबकि, करिश्मा नीचे कमरे में सोई हुई थी। रात तकरीबन दो बजे बिजली आने पर परिवार के लोग भी नीचे आ गए, लेकिन करिश्मा नहीं मिली। इस पर उसकी खोजबीन शुरू की गई। करिश्मा के बिस्तर पर एक फोन रखा मिला, जिस पर हाल ही में डायल किए गए नंबर पर परिवार के लोगों ने फोन घुमाया। कॉल सोनू पाल के भाई प्रमोद ने रिसीव की। तब जाकर सोनू के परिजनों को उसके घर में न होने की जानकारी हुई। इस पर उसकी भी तलाश शुरू कर दी गई। इसी बीच सुबह लगभग चार बजे जानवर चराने निकले एक व्यक्ति ने बताया कि गांव के पास से गुजरे रेलवे ट्रैक पर लाश पड़ी हुई हैं। दोनों के परिजनों ने जाकर देखा तो वहां करिश्मा और सोनू पाल पड़े हुए थे। सोनू की मौत हो चुकी थी। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। जबकि, करिश्मा का एक पैर कटा हुआ था और शरीर में भी कई स्थानों पर चोट के निशान थे। परिजन करिश्मा को मेडिकल कॉलेज लेकर भागे, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी सांसों डोर टूट गई।
एक साथ दो मौतों से गांव में कोहराम मच गया। दोनों मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए गए।
सोनू ने दिया था करिश्मा को मोबाइल
झांसी। सोनू पाल ने बातचीत करने के लिए करिश्मा को कीपेड मोबाइल फोन दिया था। इसकी जानकारी सोमवार को करिश्मा के घर वालों को हुई थी। इस पर मां ने करिश्मा की जमकर डांट लगाई थी। साथ ही उसे मोबाइल का इस्तेमाल न करने की हिदायत भी दी थी। लेकिन, करिश्मा परिवार से छुपकर मोबाइल का इस्तेमाल करती रही। मौत से पहले उसका मोबाइल बिस्तर पर पड़ा मिला।
प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। गांव के लोगों ने बताया कि रात में ही दोनों घर से गायब हो गए थे। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना की पड़ताल जारी है।
- विवेक त्रिपाठी, एसपी सिटी