युवाओं को राजनीति ‘सिखाएगी’ युवा कांग्रेस
झांसी। राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कांग्रेस युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चला रही है। इसके लिए कोई भी युवा जिसमें नेतृत्व करने की क्षमता हो या राजनीति में रुचि रखता हो, वह आगे आ सकता है। भारतीय युवा कांग्रेस का सदस्यता अभियान 18 सितंबर तक चलेगा। सदस्य बनने के लिए ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन किया जा सकता है। जोनल निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार गर्ग ने बताया कि कोई भी युवा जिसकी आयु 18 से 35 साल के बीच है और अन्य किसी राजनीतिक दल का सदस्य नहीं है, वह युवा कांग्रेस का सदस्य बन सकता है।
एक समय था जब कांग्रेस पार्टी की सदस्यता पाने के लिए लोगों की भीड़ रहती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। युवा पीढ़ी का राजनीति में ज्यादा रुझान नहीं है। यही कारण है कि युवाओं को पार्टी से जोड़ना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। कार्यकर्ताओं की भीड़ नहीं जुट पाने के कारण रैलियों की जगह रोड शो ने ले ली है। कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़ना चाहती है, ताकि नया नेतृत्व उभर सके। अरुण कुमार गर्ग ने बताया कि भारतीय युवा कांग्रेस में ऐसा पहली बार हो रहा है कि युवा स्वयं नेतृत्व कर सकता है, उसके ऊपर किसी तरह का राजनीतिक दबाव नहीं रहेगा। अरुण गर्ग स्वयं एमबीए और इंजीनियरिंग की डिग्री लेकर राजनीति में आए हैं।
16 तक ऑफलाइन सदस्यता
16 सितंबर तक भारतीय युवा कांग्रेस की ऑफलाइन सदस्यता का अभियान चल रहा है। 18 सितंबर तक ऑनलाइन सदस्यता अभियान शाम पांच बजे तक चलेगा। दो तरह के सदस्य (प्राथमिक और सक्रिय सदस्य) बनाए जा रहे हैं। प्राथमिक सदस्य संगठन की चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकेगा। लेकिन, सक्रिय सदस्य संगठन की रीढ़ बनेंगे और चुनाव लड़ने की प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे। पांच सदस्यों के लिए ऑफलाइन सदस्यता शुल्क 125 रुपये और ऑनलाइन सदस्यता शुल्क 75 रुपये निर्धारित किया गया है।
क्या करें सदस्यता के लिए
युवा कांग्रेस की ऑनलाइन सदस्यता के लिए गूगल प्ले स्टोर से with iyc मोबाइल ऐप डाउनलोड करके सदस्यता कराई जा सकती है। ऑफलाइन सदस्यता के लिए iyc.in वेबसाइट से सदस्यता फार्म डाउनलोड कर उसे भरकर जमा किया जा सकता है। आवेदन के साथ आधार नंबर, पासपोर्ट नंबर, मतदाता पहचान पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक लगाना अनिवार्य है।