रामधुन से होगी गांधी जयंती के कार्यक्रमों की शुरुआत
- सुबह निकलेगी प्रभात फेरी, शाम को दीपदान
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मंगलवार को कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में बैठक हुई, जिसमें दो अक्तूबर को गांधी जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
अध्यक्षता करते हुए एडीएम हरीशंकर ने बताया कि दो अक्तूबर को सुबह छह बजे रामधुन के साथ विद्यालयों के बच्चों की टोलियां प्रभात फेरी करेंगी। आठ बजे किले की प्राचीर से रामधुन का प्रसारण होगा। कार्यालयों व विद्यालयों में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण होगा। सुबह नौ बजे महिला व पुरुष वर्ग के लिए पैदल चाल आयोजित की जाएगी। साढ़े नौ बजे कुष्ठ आश्रम में फल वितरण होगा। सुबह दस बजे जीआईसी में जूनियर वर्ग की खेल व निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। ग्यारह बजे खुशीपुरा मलिन बस्ती में स्वच्छता संगोष्ठी व श्रमदान होगा। दोपहर एक बजे संग्रहालय में सूत काता जाएगा व प्रदर्शनी लगेगी। जिला कारागार में फल वितरण होगा। शाम साढ़े छह बजे गांधी भवन में दीपदान होगा। कार्यक्रमों के आयोजन के लिए संयोजक और सह संयोजक नामित किए गए हैं।
इस मौके पर डीडीओ उग्रसेन यादव, डीआईओएस डॉ. एन के पांडेय, एसडीएम गरौठा बृजेश त्रिपाठी, डॉ. नीति शास्त्री, निरंकार नाथ पांडेय, नरोत्तम स्वामी, मोहन नेपाली, प्रगति शर्मा आदि मौजूद रहीं।