खंडेराव गेट टंकी से ठप रही पानी की सप्लाई
- 20 से अधिक मुहल्लों के लोग रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। खंडेराव गेट पानी की टंकी पर ट्रांसफर का केबल बक्सा फटने से 20 से अधिक क्षेत्रों में दूसरे दिन भी पानी की जलापूर्ति नहीं हो सकी, इससे लोग परेशान रहे।
रविवार रात खंडेराव गेट पानी की टंकी पर रखे ट्रांसफार्मर का केबल बक्सा फट गया था। इससे मोटरों को चलाकर टंकी भरने का काम नहीं हो सका और नरसिंहराव टौरिया, झारखड़िया, आजाद गंज, पुरानी नझाई, पन्नालाल, पुरानी पसरट, टकसाल, हींगन कटरा, गणेश मढ़िया समेत 20 से अधिक क्षेत्रों की जलापूर्ति ठप पड़ गई। सोमवार की देर रात केबल बक्सा दुरुस्त हुआ, लेकिन तभी एक मोटर की एमसीबी (बिजली उपकरण) खराब हो गई, जिससे जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। मंगलवार को एमसीबी दुरुस्त करने का काम चलता रहा। इससे मंगलवार को भी दिनभर संबंधित क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच सका। देर शाम जलापूर्ति को चालू करने की स्थिति बन सकी।