सौ एंटी फंगल इंजेक्शन और 90 टैबलेट मिलीं
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए सौ एंटी फंगल इंजेक्शन एम्फोटेरेसिन बी और 90 टैबलेट पोसाकोनाजॉल मिल गई हैं। ये दवाइयां मरीजों के इलाज में काफी मददगार साबित होंगी।
डॉक्टरों के मुताबिक ब्लैक फंगस नसों को सड़ा देता है। उस हिस्से को ऑपरेशन करके निकालना पड़ता है। ऑपरेशन के बाद एंटी फंगल इंजेक्शन एम्फोटेरेसिन बी लगाते हैं। ताकि, ऑपरेशन के दौरान अगर फंगस छूट जाए तो इंजेक्शन उसे धीरे-धीरे खत्म कर देता है। किसी मरीज को दो तो किसी को छह इंजेक्शन तक रोज लगते हैं। ऑपरेशन के बाद मरीज का छह से आठ सप्ताह तक इलाज चलता है। शासन की तरफ से लगातार एम्फोटेरेसिन बी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। तीन दिन पहले भी मेडिकल कॉलेज को सौ एंटी फंगल इंजेक्शन मिले थे। रविवार को फिर 100 एम्फोटेरेसिन बी शासन की तरफ से उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा पहली बार पोसाकोनाजॉल नामक एंटी फंगल टैबलेट उपलब्ध कराई गई हैं। इसकी 90 डोज कॉलेज को मिली हैं। सीएमएम डॉ. हरीशचंद्र आर्या ने इसकी पुष्टि की है।