जौनपुर। समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसे लेकर स्वामी भानु प्रताप सिंह को जिले का प्रभारी बनाकर भेजा गया था, जो खुद को पार्टी मुखिया अखिलेश यादव का दूत बताकर सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में गए और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया।
उनका दावा है कि हर विधानसभा क्षेत्र के एक-एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं से संवाद किए और उनकी बात शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाएंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख चुनाव में मिली पार्टी को करारी हार के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व जिले को लेकर गंभीर हो गया है। चुनाव के दौरान उत्पन्न हुई स्थिति आगामी विधानसभा चुनाव में भी न बने इसको लेकर अभी से ही रणनीति तैयार की जा रही है। इसके लिए जिले में भानु प्रताप सिंह को प्रभारी बनाकर भेजा था, जो दो अगस्त से लेकर 12 अगस्त तक जिले में रहे। इस दौरान सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में गए और वहां बूथ अध्यक्षों के साथ संवाद स्थापित किया।
भानु प्रताप सिंह ने बताया कि वह अखिलेश यादव का दूत बनकर आए थे और कार्यकर्ता से मिले हैं। वह अपनी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेंगे। इस दौरे के दौरान 1047 लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई है, जिनमें ज्यादातर प्रधान, पूर्व प्रधान और बीडीसी सदस्य हैं।