सुरेरी। जिले में सोमवार को प्यार में नाकाम होने पर प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दे दी तो दूसरी ओर एक जोड़े का ग्रामीणों के सहयोग से मिलन भी हो गया। सुरेरी थाना क्षेत्र के भानपुर गांव में घर से भाग रहे प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बाद में गांव के ही पास करुणाकर आश्रम में दोनों की शादी करा दी। इस दौरान उनके परिजन भी मौजूद रहे।
वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के जईपुर दानूपुर निवासी युवक का भानपुर गांव स्थित मौसी के घर अक्सर आना-जाना था। यहीं बगल की एक लड़की से उसका प्रेम संबंध हो गया। इसकी जानकारी लड़की के घरवालों को हुई तो उन्होंने दोनों को जमकर फटकार लगाई। बावजूद दोनों का प्रेम कम नहीं हुआ। रविवार को लड़की के घर वालें एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसकी जानकारी होने पर प्रेमी उसके घर पहुंच गया। दोनों घर से फरार हो गए। संयोग रहा कि ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने दोनों को गांव के बाहर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास से पकड़ लिया। दोनों के घरवालों को बुलाया गया। सोमवार को घंटों तक पंचायत के बाद भी प्रेमी युगल अलग होने को तैयार नहीं हुए तो ग्रामीणों ने सबकी सहमति से गांव स्थित करुणाकर आश्रम के महंत करुणानंद सरस्वती की मौजूदगी में उनकी शादी करा दी। लड़का पक्ष से ग्राम प्रधान रमेश पटेल व लड़की पक्ष के ग्राम प्रधान विजय बहादुर पटेल सहित अन्य ग्रामीण और परिवार के लोग मौजूद रहे।----