जौनपुर में एक क्षतिग्रस्त बस...
- फोटो : अमर उजाला
सेना भर्ती की अग्निपथ योजना के विरोध में शनिवार को बदलापुर व सिकरारा में प्रदर्शनकारी युवाओं ने आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की। रोडवेज की दो बसें, पुलिस की जीप और दो बाइकें आग के हवाले कर दीं। राज्य सूचना आयुक्त प्रमोद तिवारी के काफिले में शामिल स्कोर्ट वाहन पर हमला कर दिया।
आधा दर्जन से अधिक छोटे-बड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इन घटनाओं में मछलीशहर, सिकरारा थानाध्यक्ष समेत 24 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने हवाई फायरिंग करने के साथ आंसू गैस और मिर्ची के गोले दागे।
सिकरारा थानाक्षेत्र स्थित बरगुदर पुल और लाला बाजार के बीच सवा घंटे तक दो सौ से अधिक युवकों ने बवाल किया। लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतरे युवाओं ने रोडवेज की चार बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मछलीशहर कोतवाल की गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी।
एसआई की बुलेट गाड़ी व कोबरा टीम की बाइक फूंक दी। मछलीशहर व सिकरारा थानाध्यक्ष का सिर फट गया व कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। दो घंटे तक जौनपुर-प्रयागराज हाईवे पर अराजकता रही। जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने 17 अगस्त तक जनपद में धारा 144 लागू कर दिया है।
मथुरा : 74 उपद्रवी दबोचे, 28 नामजद व 1160 अज्ञात पर केस
अग्निपथ योजना के विरोध में एक्सप्रेसवे और हाईवे पर आगजनी, तोड़फोड़, जाम और पथराव करने वाले 74 उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जनपद के चार थानों में पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें 28 नामजद हैं तो 960 अज्ञातों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अराजकतत्वों की संपत्ति से नुकसान की होगी भरपाई
आगरा एडीजी ने बताया कि अराजकतत्वों की पहचान की जा रही है। इसके लिए वीडियो और फोटो का सहारा लिया जा रहा है। बवाल के दौरान हुए नुकसान की भरपाई कानून के मुताबिक अराजकतत्वों की संपत्ति से होगी।
आंदोलन के लिए युवाओं को उकसाने वाले पांच गिरफ्तार
सहारनपुर में अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं को आंदोलन के लिए उकसाने के आरोप में रामपुर मनिहारान पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी राजनीतिक दलों से जुड़े बताए गए है। जो सेना के लिए फर्जी उम्मीदवार बन कर युवकों को आंदोलन के लिए उकसा रहे थे।