भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना का स्वागत करते पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफे
- फोटो : ArchivE
जौनपुर। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना ने उत्तर प्रदेश में एक से ज्यादा रणजी टीमें बनाने की वकालत की। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। खिलाड़ियों की संख्या और क्रिकेट के प्रति युवाओं के रुझान को देखते हुए उन्हें बड़े स्तर पर खेलने के ज्यादा अवसर मिलने चाहिए।
वे बुधवार को जौनपुर प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने क्रिकेट, युवा खिलाड़ियों की संभावनाओं और प्रदेश की रणजी टीम को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जौनपुर प्रीमियर लीग में खिलाड़ियों का उत्साह और उनकी भागीदारी काफी दिलचस्प रही। यूपी तेजी से विकास कर रहा है और यहां खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए कई मंच मिल रहे हैं। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाते हुए नियमित अभ्यास करना चाहिए और अपने खेल को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। बिहार के युवा क्रिकेटरों का उदाहरण देते हुए सुरेश रैना ने कहा कि जब 15 साल का खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर अच्छा प्रदर्शन कर सकता है तो दूसरे युवा भी मेहनत से आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय खिलाड़ियों को छात्रावास में रहकर अभ्यास करने के अवसर मिलते थे, जबकि आज युवाओं के पास अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए कई मंच उपलब्ध हैं। विवि के एकलव्य स्टेडियम स्थित क्रिकेट मैदान की सराहना करते हुए उन्होंने ने विवि की टीम को ऊर्जावान और मेहनती बताया। कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शत-प्रतिशत देना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि विवि के खिलाड़ी भविष्य में बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।