मडि़याहूं। मडि़याहूं-जौनपुर मार्ग पर पाली गुतवन मोड़ के पास बुधवार की शाम बाइक पर सवार चाचा भतीजे को बस ने जोरदार टक्कर मार दिया। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान देर रात चाचा की मृत्यु हो गई। भतीजे का इलाज चल रहा है ।
कोतवाली क्षेत्र के ददरा गांव निवासी दुर्गेश कुमार दुबे (35) अपने भतीजे निशांत दुबे के साथ बुधवार की शाम जौनपुर से मडि़याहूं की तरफ बाइक से आ रहे थे। वह जब पाली गुतवन मोड़ के पास पहुंचे थे तभी मडि़याहूं की तरफ से आ रही बस की चपेट में आ जाने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे तत्काल जौनपुर निजी चिकित्सक के यहां ले गए जहां उपचार के दौरान रात में दुर्गेश की मौत हो गई। भतीजे निशांत का इलाज चल रहा है। मृतक के पिता त्रिवेणी नारायण दुबे ने कोतवाली में तहरीर देकर टक्कर मारने वाली बस के खिलाफ तहरीर दिया है। कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घटना की जांच की जा रही है।