शाहगंज/धर्मापुर। जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर वाहन की चपेट में आने साइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने एक वाहन को पकड़ लिया।
बीबीगंज बाजार निवासी चंदन यादव (25) पुत्र शंकर अपने साथी सुल्तानपुर जनपद के अखंड नगर थानांतर्गत मुल्लापुर गांव निवासी अमित यादव (30) पुत्र रामअवध के साथ आजमगढ़ में दोस्त के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। पवईं थानांतर्गत सहराजा गांव के पास पहुंचे, जहां पीछे से आई तेज ऱफ्तार अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद तेज आवाज और चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायलों को शाहगंज नगर स्थित एक निजी चिकित्सालय में पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने चंदन को मृत घोषित कर दिया। अंकित का उपचार चल रहा है। चिकित्सक के मुताबिक, हालत गंभीर बताई जाती है। घटना की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्य ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुकुहा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के सकरामऊ गांव निवासी रामलाल खैरवार की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को सुबह लगभग साढ़े छह बजे साइकिल से गौराबादशाहपुर बाजार किसी कार्य से आया था। कुकुहा मोड़ पर पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रामलाल सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने दौड़कर घायल रामलाल खैरवार को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने घायल रामलाल खैरवार पुत्र स्व. तुलसी (68) निवासी सकरामउ, थाना बरदह जनपद आजमगढ़ को मृत घोषित कर दिया। उप निरीक्षक देवेंद्र पाल ने मृतक के कुर्ते की जेब में मिली डायरी के आधार पर परिजनों को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि कार पकड़ ली गई है। कार्रवाई की जा रही है।